
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल: प्रदेश में कम वर्षा के कारण आगामी दिनों में संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों की अलग-अलग कार्ययोजना बनाई गई है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने सोमवार को समीक्षा बैठक में कलेक्टरों को समूह जल प्रदाय योजनाएं मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्याप्त जल उपलब्धता वाले क्षेत्रों में आपूर्ति निर्बाध रखी जाए। साथ ही जल संकट वाले इलाकों में टैंकरों से पानी पहुंचाने, नए नलकूपों का खनन करने और जल संचयन के अतिरिक्त संसाधन विकसित करने की तैयारी करें। जरूरत पड़ने पर जल संरक्षण के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जाए।
उन्होंने आलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, इंदौर, शाजापुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा के कलेक्टरों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये तैयारियों की जानकारी ली और आपूर्ति व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा।
प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकायों के लिए 165.95 करोड़ रुपये की कार्ययोजना बनाई गई है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने बताया कि निकायों को 30 जून 2027 तक पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश के 126 नगरीय निकायों में निर्माणाधीन जल प्रदाय योजनाएं मार्च 2027 तक पूरी होंगी।
यह भी पढ़ें- 'क्लीन एंड ग्रीन' सिंहस्थ की तैयारी, 2801.75 करोड़ के कार्यों को मंजूरी, 13 हजार सफाईकर्मी संभालेंगे कमान
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव दीपाली रस्तोगी के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 187 करोड़ रुपये से अधिक की कार्ययोजना तैयार है। प्रदेश में 65 हजार से अधिक हैंडपंप, राइजर पाइप, बोरवेल और समूह जल प्रदाय योजनाओं के जरिए जलापूर्ति हो रही है। जल प्रबंधन और पेयजल व्यवस्था से जुड़े करीब एक लाख काम भी जारी हैं।
यह भी पढ़ें- MP में सड़क हादसों के फर्जी बीमा दावों के लिए SIT बनी, अस्पतालों और बीमा कंपनियों की होगी जांच