MP में तूफान 'मुरासु' के असर से बदला मौसम, जबलपुर समेत 23 जिलों में तेज आंधी और बारिश का यलो अलर्ट
चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के प्रभाव से मध्य प्रदेश के जबलपुर समेत 23 जिलों में तीन दिन आंधी-बारिश का अलर्ट है। पारे में गिरावट दर्ज हुई है, जबकि धनतेरस पर मौसम साफ रहेगा।
Publish Date: Tue, 03 Nov 2026 11:58:30 AM (IST)Updated Date: Tue, 03 Nov 2026 11:58:30 AM (IST)
MP में तूफान 'मुरासु' के असर से मौसम बदला। (एआई जनरेटेड)HighLights
- तूफान 'मुरासु' से मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश का अंदेशा।
- जबलपुर समेत 23 जिलों में मौसम विभाग का यलो अलर्ट।
- भोपाल और इंदौर में खिली रहेगी धूप, मौसम रहेगा शुष्क।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के असर से मध्य प्रदेश के मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का अंदेशा जताया है।
मंगलवार को जबलपुर समेत प्रदेश के 23 जिलों में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, राजधानी भोपाल और इंदौर समेत पश्चिमी मध्य प्रदेश के ज्यादातर जिलों में फिलहाल धूप खिली रहेगी।
जबलपुर, नर्मदापुरम और विंध्य-महाकोशल के 23 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
- मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 24 घंटों में प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी अंचल में बादलों का डेरा रहेगा। जबलपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, सीधी, मऊगंज और सिंगरौली में बारिश और तेज आंधी के आसार हैं। इसके साथ ही नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी और बुरहानपुर में भी मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी गई है।
- दूसरी ओर भोपाल, सीहोर, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, इंदौर, धार, झाबुआ, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच और ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा और दिन में अच्छी धूप खिलेगी।
धनतेरस पर नहीं होगी बारिश
विभाग के अनुसार 4 और 5 नवंबर को कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। राहत की बात यह है कि 6 नवंबर यानी धनतेरस के दिन पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है। ऐसे में त्योहार की खरीदारी और बाजारों की रौनक में बारिश किसी तरह की बाधा नहीं बनेगी।
पारे में 3 डिग्री तक की गिरावट
- हवाओं के बदलते रुख से राज्यभर में दिन और रात के पारे में नरमी देखी जा रही है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, नर्मदापुरम, रीवा और सागर संभाग में दिन का पारा सामान्य से 1.7 से 2.7 डिग्री नीचे चल रहा है। वहीं रात का तापमान भी सामान्य के मुकाबले 1.8 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया।
- बीती रात शाजापुर के गिरवर में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा। दमोह में 14.8, भोपाल में 15, पचमढ़ी में 15.4 और कटनी के करौंदी में रात का पारा 15.6 डिग्री रहा, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री के आसपास टिका हुआ है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में रिटायर्ड IAS की हत्या के आरोपी वरुण कुमार का शॉर्ट एनकाउंटर, आगरा से हुई गिरफ्तारी
नवंबर के दूसरे हफ्ते से जोर पकड़ेगी सर्दी
- मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि नवंबर के दूसरे सप्ताह से उत्तरी हवाओं की आमद शुरू होते ही सर्दी अपने तेवर दिखाने लगेगी। विशेष रूप से ग्वालियर-चंबल अंचल में तापमान तेजी से नीचे आएगा।
- ऐतिहासिक रिकॉर्ड देखें तो 57 वर्ष पूर्व नवंबर में ग्वालियर का न्यूनतम पारा 3 डिग्री और 53 वर्ष पूर्व उज्जैन में 2.3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क चुका है।
- इसके अलावा प्रदेश में नवंबर महीने के दौरान बारिश का भी पुराना ट्रेंड रहा है। महीने के तीसरे और चौथे हफ्ते में नया पश्चिमी विक्षोभ या सिस्टम सक्रिय होने पर भोपाल, इंदौर और जबलपुर में मावठे जैसी स्थिति बन सकती है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में मंत्रालय के पास से हटेंगी झुग्गियां, परिवारों को किया जाएगा दूसरी जगह शिफ्ट