
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। क्षेत्र की गंदी नाली का वीडियो सोशल मीडिया पर डालने को लेकर सोमवार सुबह मिसरोद के रामलीला मैदान में आरटीआई एक्टिविस्ट और वार्ड-52 की पार्षद शीला पाटीदार के पति रामबाबू पाटीदार के बीच विवाद हो गया और एक दूसरे से मारपीट की। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मिसरोद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरटीआई एक्टिविस्ट का आरोप है कि वह क्षेत्र की समस्याओं और गंदगी को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं। नाली का वीडियो पोस्ट करने के बाद से उन्हें धमकियां दी जा रही थीं। सोमवार तड़के करीब एक बजे तक फोन कर उन्हें घर से बाहर निकलने की चुनौती दी गई। सुबह करीब नौ बजे मंदिर जाते समय रामलीला मैदान में उनके साथ मारपीट की गई।
सिर और गर्दन सहित हाथ-पैर में चोटें आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से पहले मौके पर लगे कैमरे भी हटा दिए गए थे। वहीं रामबाबू पाटीदार का आरोप है कि आरटीआई एक्टिविस्ट अजय विकास कार्यों के बहाने ब्लैकमेल करता है और इसी बात को लेकर विवाद हुआ।
यह भी पढ़ें- भोपाल के 1 लाख बिजली उपभोक्ताओं की बंद हो सकती है सब्सिडी, eKYC कराना अनिवार्य, कंपनी ने दी चेतावनी
दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है। थाना प्रभारी मिसरोद विमलेश राय ने बताया कि रामबाबू पाटीदार, अमन पाटीदार, नरेश रामानंद, निखिल और अंशुल सहित अन्य लोगों के नाम केस दर्ज किया है। दूसरे पक्ष की ओर से भी अजय पाटीदार, मुरलीधर, अरुण पाटीदार पर केस दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- एमपी में RTI कानून की बदहाली, 71% आवेदकों को नहीं मिली जानकारी, इंदौर-भोपाल में सबसे ज्यादा पेंडेंसी