
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल : रहवासी-शहर केवल निजी संपत्तियों का समूह नहीं, बल्कि साझा नागरिक क्षेत्र हैं। अवैध निर्माण और नियमों की अनदेखी से सड़क, जल निकासी और यातायात जैसी सार्वजनिक सुविधाएं प्रभावित होती हैं।
हालांकि, अलग-अलग राज्यों के नगरपालिका कानून और भवन निर्माण उपनियम अलग होने के कारण पूरे देश के लिए एक जैसा आदेश देना व्यावहारिक नहीं है। यह टिप्पणी सर्वोच्च न्यायालय ने रहवासी क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों और भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए कही।
सुनवाई के दौरान अदालत ने भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन पर चिंता जताते हुए कहा कि कई बार निर्माण पूरा होने के बाद निरीक्षण किया जाता है। इससे नियमों के पालन की व्यवस्था महज औपचारिकता बन जाती है। अदालत ने नगरपालिका अधिकारियों की मिलीभगत से अनधिकृत निर्माण होने और बाद में उन्हें नियमित किए जाने की प्रवृत्ति पर भी टिप्पणी की। संविधान के अनुच्छेद 51-ए में नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों और 74वें संविधान संशोधन के तहत शहरी नियोजन व भवन निर्माण नियमन की जिम्मेदारी का उल्लेख भी किया।
यह भी पढ़ें- भोपाल में हिट एंड रन में बिल्डिंग मटेरियल कारोबारी की मौत, टक्कर मारकर भागा अज्ञात वाहन चालक
भोपाल नगर निगम के रिकार्ड के अनुसार शहर में करीब 62 हजार 500 व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद निगम ने अगस्त में आवासीय क्षेत्रों में संचालित प्रतिष्ठानों की जांच शुरू की थी। अब तक की कार्रवाई के दौरान तीन चरणों में 9,992 नोटिस जारी किए गए और 639 संपत्तियां सील की गईं। हालांकि, रहवासियों का कहना है कि कार्रवाई के बाद कई प्रतिष्ठान फिर शुरू हो गए। अब निगम ने ऐसे प्रतिष्ठानों को दोबारा चिह्नित कर कार्रवाई शुरू की है।
यह भी पढ़ें- भोपाल के 'बंटी-बबली' की पुलिस रिमांड दो दिन बढ़ी, फ्लैट दिलाने के नाम पर की थी करोड़ों की ठगी