10 लाख साल पुरानी सभ्यताओं का खुलेगा राज, भोपाल में ल्यूमिनेसेंस डेटिंग लैब शुरू
भोपाल के मैपकास्ट में सीएम मोहन यादव ने ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला का शुभारंभ किया। इससे 10 लाख साल पुरानी धरोहरों की आयु का पता चलेगा। उज्जैन में 237 करोड़ से इनोवेशन पार्क बनेगा।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 12:20:57 PM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 12:20:57 PM (IST)
भोपाल में ल्यूमिनेसेंस डेटिंग लैब शुरू। (एआई जनरेटेड)HighLights
- भोपाल मैपकास्ट में डॉ. वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला का शुभारंभ।
- 10 लाख वर्ष पुरानी पुरातात्विक सामग्रियों की सटीक आयु होगी ज्ञात।
- उज्जैन को साइंस सिटी के रूप में किया जाएगा विकसित।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्राचीन सभ्यताओं और पुरातात्विक धरोहरों के वैज्ञानिक अध्ययन को नई दिशा देने के लिए मप्र विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) में डा. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला एवं गैलरी की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से अब दस लाख वर्ष तक पुरानी पुरातात्विक सामग्रियों की सटीक आयु का वैज्ञानिक निर्धारण किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मप्र विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) के विज्ञान भवन में ‘महाकाल: द मास्टर आफ टाइम’ थीम पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में इस प्रयोगशाला का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डा. यादव ने कहा कि पद्मश्री डा. वाकणकर प्रसिद्ध पुरातत्वविद् व इतिहासकार थे, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद भारतीय सभ्यता को वैश्विक पहचान दिलाई।
उन्होंने घोषणा की कि काल-गणना और खगोल विज्ञान की प्राचीन नगरी उज्जैन को साइंस सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां करीब सौ एकड़ भूमि पर डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क बनाया जाएगा, जिससे विज्ञान और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी।
आइआइटी इंदौर के सहयोग से बनेगा इनोवेशन पार्क
- मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने बताया कि उज्जैन में यह पार्क 237 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होगा, जिसमें आइआइटी इंदौर तकनीकी व अनुसंधान सहयोगी रहेगा। यहां पेटेंट, स्टार्टअप, इनक्यूबेशन और तकनीक के व्यावसायीकरण की एकीकृत सुविधाएं मिलेंगी। पार्क में मुख्य रूप से चार क्षेत्रों खगोल विज्ञान एवं अंतरिक्ष अध्ययन, भारतीय ज्ञान प्रणाली, कृषि प्रौद्योगिकी एवं जलवायु अनुसंधान तथा एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग व ब्लाकचेन पर शोध होगा।
कार्यक्रम में कौशल विकास के लिए मैपकास्ट और धनुष क्वांटम टेक्नोलाजी लिमिटेड के बीच एमओयू भी हुआ। मुख्यमंत्री ने ‘महाकाल: द मास्टर आफ टाइम’ अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन पर आधारित काफी टेबल बुक और दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय शोध संस्थान के शोधार्थी समागम के पोस्टर का विमोचन भी किया। मैपकास्ट के महानिदेशक डा. अनिल कोठारी, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव शिवकुमार शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। यह भी पढ़ें- भोपाल में हिट एंड रन में बिल्डिंग मटेरियल कारोबारी की मौत, टक्कर मारकर भागा अज्ञात वाहन चालक
रामायण-महाभारत का हो वैज्ञानिक अध्ययन: शिंदे
- विचारक एवं समाजसेवी सुरेश सोनी ने कहा कि भारतीय परंपरा में समय जीवन और सभ्यता से जुड़ा विषय रहा है। प्राचीन भारतीय विद्वानों ने समय की सूक्ष्मतम से विशालतम इकाइयों की अवधारणाएं दी थीं, जिन्हें आधुनिक शोध से आगे बढ़ाना जरूरी है। पार्क में वराहमिहिर, सांदीपनि, बलराम और आर्यभट्ट के नाम से विकसित होने वाले क्षेत्र ज्ञान परंपरा को विज्ञान से जोड़ेंगे।
- सीएसआइआर भटनागर फेलो व डेक्कन कालेज पुणे के पूर्व कुलपति प्रो. वसंत शिंदे ने रामायण और महाभारत जैसे ऐतिहासिक विषयों का वैज्ञानिक अध्ययन करने की आवश्यकता जताई। इस अवसर पर भारत सरकार के सलाहकार डा. गंटी एस. मूर्ति, संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, मैपकास्ट महानिदेशक डा. अनिल कोठारी और विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव शिवकुमार शर्मा सहित कई वैज्ञानिक व शोधार्थी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- MP में नशा तस्करों पर DGP ने दिए सख्त निर्देश, संपत्ति और विदेशी आरोपियों पर कसेगा शिकंजा