
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दीपावली की रात शाहपुरा थाना क्षेत्र के 12 नंबर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे मल्टी में बदमाश जीत निशोदे और राहुल के गुट एक बार फिर आमने-सामने आ गए। शनिवार सुबह शराब तस्करी को लेकर मुखबिरी करने की सूचना देने के शक में दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया।
जीत निशोदे के गुट के लोगों पर मारपीट करने का आरोप है, जबकि दूसरे गुट के लोगों ने उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात की है। शाहपुरा पुलिस ने जीत निशोदे और अन्य आरोपितों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। हालांकि दूसरे पक्ष ने भी गाड़ियों में तोड़फोड़ की है। थाना प्रभारी संतोष मरकाम ने बताया कि एक तरफ से शिकायत हुई है, जिसके आधार पर केस दर्ज किया है।
घटना के बाद इलाके का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें कुछ युवक बिजली की डीपी के साथ तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो के आधार पर जीत निशोदे, सत्यजीत निशोदे और रोहित ज्ञानी के नाम सामने आए हैं।
आरोप है कि युवकों ने पहले क्षेत्र की बिजली बंद की और फिर अंधेरे में डीपी को नुकसान पहुंचाया। हालांकि, वीडियो में दिख रहे युवकों की भूमिका और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है।
यह भी पढ़ें- ₹500 मांगने पहुंची थी पड़ोसन, झुमके देख बिगड़ी नीयत, मुंह-नाक दबाकर मार डाला; महिला की हत्या का खुलासा
स्थानीय लोगों के मुताबिक देर रात हुए विवाद और तोड़फोड़ से मल्टी में अफरा-तफरी मच गई। बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से रहवासियों को परेशानी भी हुई। क्षेत्र के लोगों ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मारपीट के मामले में जीत निशोदे और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। वायरल वीडियो में दिख रही गतिविधियों और डीपी को नुकसान पहुंचाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- खाने की थाली में गिरा कीचड़ तो मां ने टोका, पड़ोसियों ने चाकू घोंपकर कर दी बेटे की हत्या, महिला भी घायल