
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। विजयादशमी (दशहरा) पर मंगलवार को प्रदेशभर में शस्त्र-पूजन कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव इंदौर में शस्त्र-पूजन करेंगे तो उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मंदसौर, राजेंद्र शुक्ल रीवा, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ग्वालियर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल बैतूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
जिन जिलों में मंत्री उपस्थित नहीं रहेंगे, वहां कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शस्त्र-पूजन करेंगे। शासन ने संभागायुक्तों और कलेक्टरों को आयोजन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शस्त्र-पूजन भारतीय सेना के पराक्रम, राष्ट्रीय सुरक्षा और स्वतंत्रता के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
यह भी पढ़ें- Dussehra 2026: दशहरे पर रावण का पुतला जलाने की परंपरा कितनी पुरानी है? जानें रामलीला से लेकर विजयादशमी तक का इतिहास
विजयादशमी सत्य की असत्य पर विजय और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने के संकल्प का पर्व है। इन आयोजनों का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा, सैन्य सामर्थ्य और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। भारतीय परंपरा में शस्त्र-पूजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि शक्ति के सदुपयोग, निर्बलों की रक्षा और धर्म-न्याय की स्थापना का प्रतीक है।
यह भी पढ़ें- एमपी में है एक ऐसा गांव जहां खेत में बनी हैं रावण-कुंभकर्ण की प्रतिमाएं, ट्रक वाले भी पूजा करके आगे निकलते हैं