
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। खकनार ब्लाक के बोदरली रेंज के नायर गांव में तीन दिन से नीम के पेड़ पर चढ़े भालू को सोमवार को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित पकड़ लिया। भालू को पकड़ने के लिए इंदौर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई थी। करीब तीन दिन तक पेड़ पर डटे रहे भालू को आखिरकार शहद की लालच पिंजरे तक ले आई।
वनपाल विनोद फुलमाली ने बताया कि शनिवार को ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि गांव के समीप खेत में एक भालू नीम के पेड़ पर चढ़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची। शनिवार शाम तक टीम ने भालू के नीचे उतरने का इंतजार किया, लेकिन वह पेड़ की काफी ऊंचाई पर बैठा रहा।
भालू के नीचे नहीं उतरने पर रविवार को इंदौर से रेस्क्यू टीम बुलाई गई। टीम सोमवार को नायर गांव पहुंची और भालू को सुरक्षित पकड़ने की तैयारी शुरू की। पेड़ के नीचे पिंजरा लगाया गया। भालू को आकर्षित करने के लिए पिंजरे के आसपास तरबूज, गन्ना और शहद रखा गया।
यह भी पढ़ें- रिहायशी इलाके में घुसा जंगली भालू, करीब 2 घंटे तक गलियों में घूमने से मचा हड़कंप, घरों में दुबके लोग; Video वायरल
शाम होते-होते भालू भूख के कारण धीरे-धीरे पेड़ से नीचे उतरने लगा। वन विभाग की टीम पहले से ही मुस्तैद थी। ग्रामीणों को भी सतर्क करते हुए घटनास्थल के आसपास नहीं आने और घरों में रहने की हिदायत दी गई।
पेड़ से नीचे आने के बाद भालू ने पहले बाहर रखा शहद चाटा। शहद की खुशबू और स्वाद के आकर्षण में वह आगे बढ़ा और आखिरकार पिंजरे के अंदर पहुंच गया। जैसे ही भालू पिंजरे में आया, टीम ने उसे सफलतापूर्वक पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग ने राहत की सांस ली।
यह भी पढ़ें- रायसेन के जंगल में भालू का खूनी हमला; लकड़ी लेने गए ग्रामीण को मार डाला, चेहरा और आंखें नोचीं