
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। खेत में जुताई कर रहे किसान और उनके 10 वर्षीय बेटे की ट्रैक्टर सहित कुएं में गिरने से मौत हो गई। हादसा रविवार शाम करीब 4 बजे ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम हतना में हुआ। पिता और भाई को आंखों के सामने कुएं में गिरता देख 12 वर्षीय बेटी की चीख निकल गई। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, किसान संतोष यादव (35) अपने बेटे दुर्गेश (10) के साथ जंगल हार स्थित खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। घटना के दौरान कुएं में लगभग 20 फीट पानी भरा था।
हादसे के समय संतोष की बेटी राशि (12) भी खेत में मौजूद थी। उसने स्वजन को सूचना दी। संतोष के बड़े भाई देशराज मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर करीब 4:30 बजे पुलिस पहुंची।
यह भी पढ़ें- एमपी से राजस्थान तक के स्टेशनों पर सीधी नजर, 70 से अधिक वीडियो सर्विलांस से जुड़े; 24 घंटे रहेगी निगरानी
इसके बाद क्रेन मशीन और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कुएं की गहराई और पानी के कारण बचाव कार्य में परेशानी आई। देर शाम तक दोनों को बाहर निकालने के प्रयास जारी थे।
दो बेटियों के बीच इकलौता भाई था दुर्गेश
संतोष के परिवार में 14 वर्षीय आयुषी और 12 वर्षीय राशि दो बेटियां हैं। दुर्गेश दोनों बहनों का इकलौता भाई था और कक्षा तीसरी में पढ़ता था। पिता और भाई को एक साथ खोने से दोनों बेटियों और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें- एमपी में बिजली नेटवर्क सुधारने को मिले 1500 करोड़, पर खर्च हुए महज 96.85 करोड़, नए उपकेंद्रों का काम अटका