छतरपुर में चलती कार बनी आग का गोला, दो बच्चों समेत चार लोगों ने ऐसे बचाई जान
बल्देवगढ़ से छतरपुर आ रहे एक परिवार की कार में अचानक आग लग गई।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 12:21:11 AM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 12:21:11 AM (IST)
छतरपुर के ढड़ारी ग्राम के पास हुआ हादसा, नईदुनियाHighLights
- छतरपुर के ढड़ारी के पास हादसा
- चालक की सूझबूझ से टला खतरा
- आग बुझने तक वाहन पूरा खाक
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। चलती कार से अचानक धुआं उठने लगे और देखते ही देखते लपटें निकलने लगें, तो कुछ ही सेकंड में बड़ा हादसा हो सकता है। छतरपुर के ग्राम ढड़ारी के पास रविवार को देर रात ऐसा ही घटनाक्रम सामने आया।
बल्देवगढ़ से छतरपुर आ रहे एक परिवार की कार में अचानक आग लग गई। चालक ने खतरे को भांपते हुए तत्काल कार सड़क किनारे रोकी और दो बच्चों समेत परिवार के चारों सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
पहले जान बचाई, फिर सामने जलती रही कार
जानकारी के अनुसार, नरेंद्र सिंह भदौरिया और शकुंतला सिंह भदौरिया दो बच्चों के साथ कार में सवार होकर छतरपुर आ रहे थे। ढड़ारी के पास अचानक कार से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। स्थिति की गंभीरता समझते हुए चालक ने वाहन रोक दिया। परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल आए। इसके बाद आग तेजी से फैलती गई और कार देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गई।
दमकल पहुंची, लेकिन नहीं बच सकी कार
घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना ने एक बार फिर चलती गाड़ी में आग लगने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर रुकने और सभी सवारों को बाहर निकालने की अहमियत सामने रखी है।