
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। लवकुशनगर क्षेत्र के सिजई स्थित अखंड परमधाम आश्रम में शनिवार को आयोजित सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने गोपालकों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक गांव में गोशाला स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
कन्या विवाह योजना से मिलेंगे 51 हजार रुपए
गाय दूध दे या न दे, शासन की ओर से हर गाय के लिए प्रतिमाह एक हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। स्वामी परमानंद गिरि महाराज के सानिध्य में आयोजित इस समारोह में 75 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। मुख्यमंत्री ने कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 51 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
यह भी पढ़ें- नर्मदा रिवर फ्रंट को 300 करोड़ की मंजूरी, पहले चरण का शुरू नहीं हुआ काम; अधिकारियों ने साधी चुप्पी
दंपती को मिली 31 हजार रुपये की घरेलू सामग्री
आश्रम की ओर से भी हर जोड़े को लगभग 31 हजार रुपये की घरेलू सामग्री उपहार में दी गई। साध्वी ऋतंभरा ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर बुंदेली परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड के पारंपरिक दिवारी नृत्य का आनंद लिया और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री टीकमगढ़ जिले के पलेरा नगर भी पहुंचे। वहां उन्होंने जतारा से भाजपा विधायक हरिशंकर खटीक के निवास पर जाकर उनकी दिवंगत मां स्व. रामबाई खटीक के निधन पर शोक व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें- 'मैं डिब्बा मंत्री हूं, पर यह बुरी बीमारी है', यंग थिंकर्स कंफ्लुएंस में ऐसा क्यों बोले ज्योतिरादित्य सिंधिया ?