
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नर्मदा रिवर फ्रंट परियोजना के पहले चरण के लिए 300 करोड़ रुपये की प्रशासकीय मंजूरी मिलने के बाद भी निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। अब तक निविदा जारी नहीं हुई है। तीन चरणों में प्रस्तावित इस परियोजना के पहले चरण की निविदा का इंतजार किया जा रहा है।
मामला शासन के उच्च स्तर पर होने के कारण जिम्मेदार अधिकारी भी फिलहाल प्रक्रिया को लेकर कुछ स्पष्ट कहने से बच रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की अगली प्रक्रिया कब शुरू होगी।
परियोजना के तहत गौरीघाट सहित नर्मदा तट के प्रमुख घाटों को सरयू घाट की तर्ज पर विकसित करने की योजना है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 20 हजार लोगों को मिलेगा फायदा, एक फीडर में खराबी आई तो पांच की बिजली नहीं होगी बंद
पहले चरण के लिए 300 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन निविदा जारी होने और निर्माण शुरू होने की समय-सीमा सामने नहीं आई है। परियोजना को लेकर शासन स्तर पर चल रही प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों से स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।
जनवरी 2025 से चल रही थी डिजाइन की कवायद
नर्मदा रिवर फ्रंट की ड्राइंग और डिजाइन तैयार करने की प्रक्रिया जनवरी 2025 में शुरू हुई थी। विशेषज्ञों के परामर्श से कंसल्टेंसी ने परियोजना का ब्लू प्रिंट तैयार किया।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भी डीपीआर और डिजाइन को अंतिम रूप देने में विशेष रुचि ली थी। इसके बाद परियोजना की प्रशासकीय स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ी और पहले चरण के लिए 300 करोड़ रुपये मंजूर हुए। अब निर्माण के लिए निविदा जारी होना बाकी है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में सरकारी अधिकारी-कर्मचारी की छुट्टी पर रोक, बिना अनुमति मुख्यालय भी नहीं छोड़ सकेंगे
छह घाटों को एकरूप स्वरूप देने की योजना
परियोजना के तहत खारीघाट, दरोगाघाट, गौरीघाट, उमाघाट, सिद्धघाट और जिलहरीघाट को एक समान वास्तुशिल्पीय स्वरूप में विकसित कर आपस में जोड़ने की परिकल्पना है।
खारीघाट पर विसर्जन कुंड, व्यवस्थित सीढ़ियां, चेंजिंग रूम, तीर्थ पुरोहितों के बैठने की जगह और मुंडन स्थल प्रस्तावित हैं। दरोगाघाट पर बड़ा नाव घाट और दीवारों पर मां नर्मदा की गाथा दर्शाने वाले चित्र बनाए जाने हैं।
गौरीघाट पर संध्या आरती के लिए पांच मंच, दर्शक दीर्घा और वर्षा से बचाव के लिए विशेष संरचना प्रस्तावित है। इसके अलावा करीब 800 मीटर लंबा, 15 मीटर चौड़ा और एक मीटर गहरा चैनल, बहुस्तरीय पार्किंग, पैदल पथ, प्रकाश व्यवस्था और लैंडस्केपिंग भी योजना का हिस्सा हैं।
परियोजना पूरी होने पर नर्मदा तट के प्रमुख घाटों को व्यवस्थित स्वरूप मिलने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। फिलहाल निगाहें पहले चरण की निविदा पर टिकी हैं, जिसके जारी होने के बाद ही निर्माण की दिशा में वास्तविक प्रगति दिखाई देगी।