छिंदवाड़ा के स्कूल में छात्रों को बाहर निकालने का मामला गरमाया, दो शिक्षकों को विद्यालय से हटाया, निलंबन की मांग
जाम में विद्यार्थियों को स्कूल से बाहर किए जाने और दो शिक्षकों पर छात्र-छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर विवाद गहरा गया है।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 05:47:23 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 05:49:01 PM (IST)
दो अध्यापकों पर लगा दुर्व्यवहार का आरोप, नईदुनियाHighLights
- स्कूल से छात्रों को निष्कासित करने का मामला
- दो अध्यापकों पर लगा दुर्व्यवहार का आरोप
- शिक्षा व्यवस्था पर फिर उठ खड़े हुए सवाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाम में विद्यार्थियों को स्कूल से बाहर किए जाने और दो शिक्षकों पर छात्र-छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले की जानकारी मिलते ही जनप्रतिनिधि एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी विद्यालय पहुंचे। ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनप्रतिनिधि विजय गावंडे ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों को स्कूल से बाहर कर दिया गया है तथा उन्हें अभिभावकों को साथ लेकर आने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही एक शिक्षक पर छात्राओं के साथ अशोभनीय व्यवहार किए जाने के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
अध्यापकों पर निलंबन की कार्रवाई की मांग
विजय गावंडे ने कहा कि इस तरह की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने संबंधित दोनों शिक्षकों के खिलाफ केवल स्थानांतरण जैसी कार्रवाई करने के बजाय निलंबन सहित कठोर विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई।
वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारी ने बताया कि बीईओ से सूचना मिलने के बाद वे तत्काल विद्यालय पहुंचे और विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। मौके पर उत्पन्न स्थिति और ग्रामीणों की मांग को देखते हुए दोनों शिक्षकों को तत्काल विद्यालय से हटा दिया गया है। मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
ग्रामीणों और छात्रों में नाराजगी
अधिकारी ने यह भी बताया कि विद्यार्थियों को विद्यालय से बाहर बैठाए जाने की जानकारी उन्हें पहले से नहीं थी। मौके पर पहुंचकर संबंधित पक्षों के बयान एवं परिस्थितियों की जानकारी ली गई है।
फिलहाल मामले को लेकर ग्रामीणों और विद्यार्थियों में नाराजगी है। अब सभी की नजरें शिक्षा विभाग की जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। ग्रामीणों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।