छिंदवाड़ा में रिहायशी मकान में घुसा अनियंत्रित ट्रक, आंगन में खेल रहे दो मासूम गंभीर
परासिया की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे एक रिहायशी मकान में जा घुसा।
Publish Date: Wed, 21 Oct 2026 07:25:41 PM (IST)Updated Date: Wed, 21 Oct 2026 07:30:24 PM (IST)
छिंदवाड़ा में दर्दनाक हादसा, नईदुनियाHighLights
- छिंदवाड़ा में दर्दनाक हादसा
- रिहायशी मकान में घुसा ट्रक
- चपेट में दो मासूम, दोनों गंभीर
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। जुन्नारदेव नगर के वार्ड क्रमांक 18 सुकरी में मंगलवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। परासिया की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे एक रिहायशी मकान में जा घुसा। इस भीषण हादसे में आंगन में खेल रहे दो मासूम बच्चे ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पीड़ित परिवार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे घर के सदस्य घर के पास ही खड़े थे, जबकि उनके बेटे कमलेश के बच्चे केतन और टिंकल घर के सामने आंगन में खेल रहे थे।
इसी दौरान परासिया की तरफ से एक लाल और क्रीम रंग का ट्रक (क्रमांक एमपी 09 एचएच 5592) का चालक अपनी गाड़ी को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए सीधे घर के आंगन में आ घुसा और दोनों बच्चों को रौंदते हुए घर की दीवार से जा टकराया।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पड़ोस में मौजूद ललित यदुवंशी और गोपाल यदुवंशी तुरंत मौके पर पहुंचे। स्वजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया । मासूम केतन केतन के कमर, जांघ, दोनों पैरों, सिर और पेट में गंभीर चोटें आईं और शरीर से अत्यधिक खून बह रहा था।
वहीं, टिंकल के सिर, गर्दन और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुमित यादव बताया और कहा कि वह नागलवाड़ी से सारणी जा रहा था।
बच्चे जिला अस्पताल में रेफर
घटना के बाद स्वजन तुरंत दोनों घायल बच्चों को लेकर शासकीय अस्पताल जुन्नारदेव पहुंचे। वहां के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए छिंदवाड़ा जिला अस्पताल रैफर कर दिया है।
इस दर्दनाक हादसे में जहां मासूम बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं, वहीं तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मकान का सामने का कमरा और आंगन की दीवार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे परिवार को भारी संपत्ति का नुकसान भी उठाना पड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।