
नईदुनिया न्यूज, सेवढ़ा। सनकुआं धाम स्थित बलरामशरण आश्रम से लापता दो साधुओं का लगभग एक माह बाद भी सुराग नहीं मिलने से ग्रामीणों और समाजजन में नाराजगी है। रविवार को आश्रम परिसर में हुई विशाल बैठक में ग्वालियर, भिंड और दतिया जिले के 50 से अधिक गांवों के प्रतिनिधि पहुंचे।
सेवढ़ा नगर से भी लोग बैठक में शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के साथ पाल-बघेल समाज संगठन से जुड़े लोगों ने भी भाग लिया। बैठक में कहा गया कि घटना को करीब एक माह होने को है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक ऐसी कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे दोनों साधुओं की तलाश आगे बढ़ने की जानकारी मिल सके।
थाना प्रभारी से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि अब मामले को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। पहले चरण में सोमवार को 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल थाना प्रभारी से मुलाकात करेगा और दोनों साधुओं की तलाश में अब तक की गई पुलिस कार्रवाई की जानकारी लेगा।
इसके बाद पुलिस को कार्रवाई के लिए पांच दिन का समय दिया जाएगा। यदि इस अवधि में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण और समाजजन धरना-प्रदर्शन सहित आंदोलन शुरू करेंगे। बैठक में पुलिस की ओर से मामले के विवेचना अधिकारी सब इंस्पेक्टर सियाराम गौड़ भी पहुंचे।
विवेचना अधिकारी ने रखा पक्ष
उन्होंने अब तक की विवेचना और पुलिस कार्रवाई को लेकर अपना पक्ष रखा तथा ग्रामीणों को जानकारी देने का प्रयास किया। बैठक में कमलाशरण महाराज, रत्नदास महाराज, मस्तराम दास महाराज, स्वामी ज्ञानानंद महाराज, रामप्रिय दास महाराज, श्यामगिरी महाराज, परमदास महाराज समेत आदि लोग मौजूद रहे।
तहसीलदार को सौंपा था ज्ञापन
बता दें कि, बलरामशरण आश्रम में रहने वाले महंत श्रीरामशरण महाराज उर्फ बलरामशरण और उनके गुरु भाई साधु गंगाप्रसाद बघेल उर्फ गंगाशरण महाराज के लापता होने की सूचना सामने आने के बाद ग्रामीणों ने पहले तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा था। डिरोलीपार की मंगरोल चौकी में स्वजन की ओर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की आशंका जताते हुए मामला दर्ज भी कराया गया।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में 20 रुपये के लिए खौफनाक वारदात, मोमोज बेचने वाले ने छात्र के मुंह पर फेंका कढ़ाई में खौलता तेल