
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। कोतवाली थाना क्षेत्र में रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद पथराव और फायरिंग तक पहुंच गया। इस मामले में गोली लगने से घायल अजय चौहान निवासी ग्राम पठारी ने पुलिस को बताया कि पकोड़िया महादेव मंदिर के पास रात करीब 11 बजे उसे कुछ लोगों ने घेर लिया और मारपीट के बाद फायरिंग कर दी।
जिससे पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, गोली चलने की घटना को लेकर घायल और पुलिस के बयान में अलग-अलग तथ्य सामने आए हैं। घायल अजय चौहान का कहना है कि वह अपने साथियों के साथ ग्वालियर से वापस लौट रहा था।
दो पक्षों में रास्ते में हुआ विवाद
इसी दौरान रास्ते में शिवम रायकवार और बिट्टू खां ने उसे रोक लिया। दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और इसके बाद आरोपितों ने फायरिंग कर दी। गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, कोतवाली टीआई सुधीर हिनारिया ने घटना के संबंध में बताया कि शिवम रायकवार के घर पर अंशुल यादव और अजय चौहान ने पत्थरबाजी की थी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में बिछाई जा रही गैस पाइपलाइन, 21 लाख घरों में PNG कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य
डॉक्टर पर दबाव बनाकर कराया रेफर
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और एक तरफ से पथराव तो दूसरी तरफ से फायरिंग की घटना हुई। पुलिस को बाद में जानकारी मिली कि अजय चौहान गोली लगने के बाद अस्पताल पहुंचा है। टीआई के अनुसार, अस्पताल में भर्ती होने के बाद अजय चौहान ने डॉक्टर पर दबाव बनाकर रेफर कराया।
इसके बाद वह एंबुलेंस से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बीच विवाद की वजह, फायरिंग में शामिल लोगों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- एमपी के सुदूर गांवों में दूर होगी परिवहन की समस्या, आदिवासी अंचलों में चलेगी 'मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा'