
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। चंदाना शराब कांड में बुधवार को एक युवक की मौत हो गई। युवक ने गांव में ही अक्टूबर माह में शराब पी थी, जिसके बाद से ही वह गंभीर रूप से बीमार था। जानकारी के अनुसार राकेश जेठीवाल की मौत इंदौर के निजी अस्पताल में हुई है। इंदौर में ही शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार शराब पीने से करीब डेढ़ माह पूर्व युवक की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे कई दिनों तक इंदौर के अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया था। हालत में कुछ सुधार होने के बाद अस्पताल से छुट्टी हो गई थी। युवक को दिखाई देना भी बंद हो गया था। बुधवार को फिर से तबीयत बिगड़ने पर युवक को इंदौर के अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
इस मामले में सिविल लाइन पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। दूसरी तरफ केमिकल से शराब बनाने और बेचने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की थी। कोतवाली पुलिस ने शराब बेचने वाले आरोपित विनोद जायसवाल, बनाने वाले अजय राठौर सहित केमिकल सप्लाय करने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।
सभी आरोपित फिलहाल जेल में हैं। पुलिस के अनुसार फिलहाल प्रकरण में जांच की जा रही है और मर्ग डायरी आने एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामले का खुलासा अक्टूबर माह के अंत में उस समय हुआ था, जब गांव में एक ही दिन में तीन युवकों की मौत हो गई थी। बाद में यह जानकारी आई कि युवकों के पहले भी कुछ लोगों की जान संदिग्ध तरीके से गई थी। इसके बाद जांच में केमिकल युक्त शराब पीने से मौतें होने की जानकारी सामने आई।
यह भी पढ़ें- चंदाना शराब कांड: आनंद कासलीवाल के लैपटॉप से मिले अहम सुराग, मेथेनॉल के खाली ड्रम जब्त
कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन करने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुनीत गेहलोद को सरकार ने हटा दिया था। साथ ही आबकारी अधिकारी को निलंबित भी किया गया था। मंगलवार को एसपी ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को भी लाइन अटैच किया था।
यह भी पढ़ें- TI हत्याकांड मामला: पेट्रोल पंप की आड़ में शराब का धंधा, फास्टैग डेटा से तस्करी के रूट का खुलासा