
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास बरोठा मार्ग स्थित ग्राम सिरोल्या क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक ट्रक और लोडिंग वाहन के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में लोडिंग वाहन में सवार एक दर्जन से अधिक महिलाएं घायल हो गई। यह सभी मजदूर हैं जो सिरोल्या से ग्राम रतेड़ी जा रही थी।
मौके पर चीख-पुकार के बीच आसपास के यात्री और ग्रामीणजन पहुंचे और मदद शुरू की। बरोठा से पुलिस भी पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां कई को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
बरोठा थाना टीआई सविता जाटव ने बताया लोडिंग वाहन में महिला श्रमिक सवार थीं जो खेतों में काम करने जा रही थीं। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। ट्रक को जब्त कर थाने पर खड़ा कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है, फिलहाल हादसे का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में दुर्गा, ममता, शांता, मीराबाई चौहान, गायत्रीबाई, विनीता, सुमन, रानी, अलका, रानी, पवित्राबाई, सोदराबाई सहित करीब 15 महिलाएं घायल है। आरएमओ डॉक्टर अजय पटेल ने बताया किसी की स्थिति गंभीर नहीं है।
यह भी पढ़ें- देवास में हादसे के बाद बदला दिखा पुलिस का मिजाज, आधे घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस; लोगों को फटकारा
उधर घायल महिला और उनके स्वजन ने आरोप लगाया कि लोडिंग वाहन का चालक नशे की हालत में था इसलिए हादसा हुआ है। हम लोग मजदूरी के लिए ग्राम रतेड़ी जा रहे थे, चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था।
यह भी पढ़ें- देवास में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लाेगों को मारी टक्कर, दो महिलाओं सहित तीन की मौत