
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : जिले के दूरस्थ अंचल उदयनगर थाना क्षेत्र के अंजनपुरा पोलाखाल में प्रेम प्रसंग के चलते तीन आरोपियों ने मिलकर दो दोस्तों पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उदयनगर के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर किया गया। परिजन ने उसे खुड़ैल क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार चल रहा है।
दोनों दोस्त का संपर्क लोडिंग वाहन से आने-जाने के दौरान एक युवती से हुआ था, उसी बात के विवाद के चलते हत्या की बात सामने आई है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
उदयनगर पुलिस के अनुसार वारदात शनिवार देर रात अंजनपुरा में सरकारी स्कूल के समीप हुई। चाकू से गंभीर घाव लगने से 18 वर्षीय अजय पुत्र सुरेश चौहान निवासी सड़क मोहल्ला ग्राम पीपलपाटी की मृत्यु हो गई। वहीं उसका दोस्त कान्हा पुत्र प्रभु निवासी ग्राम पीपरी गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें- देवास जिले के जंगल में फॉरेस्ट चौकी के पास चल रहा था जुए का अड्डा, 12 जुआरियों से 5.50 लाख रुपये जब्त
वारदात की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। उदयनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया हमला करने वालों में राजू, बिरजू और रोहित तीनों निवासी ग्राम पोलाखाल के नाम सामने आये थे। इनको हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- देवास में नाबालिग से किया था दुष्कर्म, सौतेले पिता को सुनाई आजीवन कारावास की सजा