
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए रिंग रोड पर बनाए जा रहे फ्लाईओवर खुद जाम की सबसे बड़ी वजह बन गए हैं। तीन साल से निर्माण के नाम पर मुख्य सड़कों पर आवागमन बाधित है। संकरी और बदहाल सर्विस रोड पर वाहन रेंग रहे हैं, लेकिन निर्माण एजेंसियों की रफ्तार बढ़ने का नाम नहीं ले रही।
मूसाखेड़ी, आईटी पार्क, सत्यसाईं चौराहा और देवास नाका पर बन रहे चारों फ्लाईओवर की फरवरी 2026 की डेडलाइन निकल चुकी है, फिर भी 35 से 50 प्रतिशत तक काम बाकी है। हालात देखकर साफ है कि लोगों को जाम से राहत मिलने में अभी कम से कम एक साल और लग सकता है।
सबसे ज्यादा खराब स्थिति मुसाखेड़ी चौराहे की है। यहां करीब एक साल से मुख्य चौराहा बंद है। इसके बावजूद निर्माण इतना धीमा है कि अभी गर्डर लगाने और स्लैब डालने का काम भी पूरा नहीं हुआ है। मुख्य मार्ग बंद होने से पूरा यातायात संकरी सर्विस रोड पर आ गया है। नतीजा यह कि सुबह से रात तक वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ रहा है।
आईटी पार्क, सत्यसाईं और देवास नाका पर भी हालात अलग नहीं हैं।यहां पर भी निर्माण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। कलेक्टर शिवम वर्मा का कहना है कि चारों स्थानों पर सभी बाधाओं को हटा दिया गया है और ट्रैफिक बदलाव भी कर दिए है। एजेंसी को अब जल्द काम पूरा करने के लिए निर्देशित किया गया है।
फ्लाईओवर निर्माण में देरी ने निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ठेकेदार एजेंसियों पर विभाग का नियंत्रण नजर नहीं आ रहा। निर्माण शुरू होने के बाद न तो काम के चरणवार लक्ष्य तय किए गए और न ही देरी रोकने के लिए प्रभावी निगरानी की गई। तीन शिफ्ट में काम कराने के दावे किए गए, लेकिन मौके पर पर्याप्त मशीनरी और श्रमिक तक नजर नहीं आते। समयसीमा निकलने के बाद भी एजेंसियों पर सख्ती नहीं होने से निर्माण लगातार खिंचता जा रहा है।
यह भी पढ़ें- इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में प्रशासन का एक्शन शुरू, आज टूट रहे 45 मकान
यह भी पढ़ें- इंदौर के फूटी कोठी में सब्जी मंडी हटने से सर्विस लेन हुई चौड़ी, दुकानदारों ने दिया धरना