
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। प्रतिबंधित नायलॉन डोर का उपयोग थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासन और पुलिस की सख्ती के दावों के बावजूद जिले में प्रतिबंधित डोर की बिक्री और उपयोग धड़ल्ले से जारी है। रविवार को नौगांव थाना क्षेत्र में नायलॉन डोर की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालक की गर्दन कट गई। घायल बालक अल्तमश का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, अल्तमश अपनी दादी के साथ मजार पर दर्शन करने गया था। वहां से बाइक से वापस लौटते समय रास्ते में प्रतिबंधित नायलॉन डोर उसकी गर्दन में उलझ गई। डोर की धार से उसकी गर्दन कट गई और वह घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रतिबंधित नायलॉन डोर को लेकर प्रशासन लगातार कार्रवाई और प्रतिबंध के दावे कर रहा है। इसके बावजूद बाजार में इसकी उपलब्धता और खुले तौर पर उपयोग किए जाने से ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं। पतंगबाजी में इस्तेमाल होने वाली धारदार डोर राहगीरों, बाइक सवारों और बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल: मां और दो बच्चों की जहर खाने से मौत, अरवलिया में पड़ोसियों ने गेट तोड़कर निकाला
धार में पहले भी प्रतिबंधित चाइना डोर से गंभीर हादसे हो चुके हैं। जनवरी 2024 में हटवाड़ा क्षेत्र में बाइक पर पिता के साथ जा रहे छह वर्षीय बालक कनिष्क चौहान की गर्दन चाइना डोर से कट गई थी। इस हादसे में बालक की मौत हो गई थी। इसके बावजूद प्रतिबंधित डोर की बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक नहीं लग पाने से लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल मास्टर प्लान: 13 हजार से ज्यादा आपत्तियों में उठे 5 मुद्दे; जानिए क्या चाहते हैं रहवासी