धार में प्रताड़ना और पुलिस की अनदेखी से परेशान युवक ने खाया जहर, थाने के बाहर लोगों का हंगामा
धार में अवैध वसूली और पुलिस की अनदेखी से परेशान युवक जगदीश ने जहर खा लिया। इसके बाद आक्रोशित आदिवासी संगठन ने थाने का घेराव किया, तब पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ा।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 09:27:42 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 09:27:42 AM (IST)
धार में प्रताड़ना और पुलिस की अनदेखी से परेशान युवक ने खाया जहर। (नईदुनिया)HighLights
- धार में अवैध वसूली से परेशान युवक ने खाया जहर।
- पीड़ित ने वीडियो बनाकर पुलिस पर लगाया अनदेखी का आरोप।
- जहर खाने वाले युवक को गंभीर हालत में इंदौर भेजा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार: अवैध वसूली, धमकियों और पुलिस की कथित अनदेखी से परेशान भक्तांबर कालोनी निवासी जगदीश मेड़ा ने शुक्रवार को वीडियो बनाया और विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद शनिवार को जनजाति विकास मंच के कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा।
उन्होंने नौगांव थाने पहुंचकर घेराव किया और धरने पर बैठ गए। करीब तीन घंटे तक चली बातचीत और कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपित राजेंद्र सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है।
वीडियो में बयां की प्रताड़ना की कहानी
- विषाक्त पदार्थ खाने से पहले बनाए गए वीडियो में जगदीश ने राजेंद्र सोलंकी और उसके बेटे पर लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। वीडियो में उसने कहा कि वह घर की गाड़ी लेकर आया था, लेकिन रुपयों के लेनदेन को लेकर दोनों ने उसके साथ लूटपाट कर रकम वसूली।
जगदीश का आरोप है कि उसने इस संबंध में नौगांव थाने पहुंचकर शिकायत की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। लगातार मिल रही धमकियों और कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। दो दिन तक थाने के चक्कर लगाने का आरोप
- जानकारी के अनुसार जगदीश ने 19 नवंबर को नौगांव थाने में भक्तांबर कालोनी निवासी राजेंद्र सोलंकी के खिलाफ लिखित आवेदन दिया था। इसमें अवैध रूप से अधिक राशि वसूलने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के आरोप लगाए गए थे।
- जनजाति विकास मंच के जिला युवा प्रमुख प्रकाश सोलंकी व लक्ष्मण पटेल के अनुसार आवेदन देने के बाद आरोपित ने जगदीश को धमकाया, जिससे वह डर के कारण घर भी नहीं जा सका। आरोप है कि 20 नवंबर को वह दोबारा थाने पहुंचा, लेकिन जांच के नाम पर कार्रवाई नहीं हुई।
यह भी पढ़ें- सड़क हादसे में MANIT छात्र की मौत; भोपाल में डिवाइडर से टकराकर नाली में गिरी बाइक
थाने में तीन घंटे चला विरोध प्रदर्शन
जगदीश के इस कदम की जानकारी मिलते ही जनजाति विकास मंच के कार्यकर्ता शनिवार को नौगांव थाने पहुंचे। यहां पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए घेराव और धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग रखी। करीब तीन घंटे तक चली बातचीत के बाद पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।
रुपयों के लेनदेन के विवाद को लेकर आवेदन मिला था। शुक्रवार को जगदीश थाने आया था। इसके बाद राजेंद्र सोलंकी को थाने बुलाया गया और जगदीश को भी फोन कर बुलाया गया, लेकिन वह नहीं पहुंचा। इसी दौरान उसके विषाक्त पदार्थ खाने की जानकारी मिली। शनिवार को मामले के मुख्य आरोपित राजेंद्र सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया गया है। राजलल्लन मिश्रा, थाना प्रभारी, नौगांव
यह भी पढ़ें- Bhopal Power Cut: शहर के 15 इलाकों में आज सुबह 10 से शाम 5 बजे तक बिजली कटौती