
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार, नालछा। धार जिले के नालछा के समीप स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार शाम उस समय श्रद्धालुओं में हलचल मच गई, जब मंदिर परिसर में एक तेंदुआ विचरण करता हुआ दिखाई दिया। शाम करीब 7 बजे आरती संपन्न होने के बाद श्रद्धालु मंदिर परिसर में बैठे हुए थे। इसी दौरान मंदिर के संत श्री भगवान पुरी महाराज की नजर परिसर में घूम रहे तेंदुए पर पड़ी। उन्होंने तत्काल वहां मौजूद श्रद्धालुओं को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही प्रवेश ग्वाल, निर्मल इंदुरकर, संतोष कानूनगो, संदीप आर्य, विकी यादव (धार), शांतु राठौड़, राधेश्याम कुशवाह, मांडव के चेतन यादव एवं बिट्टू सेवा सहित अन्य श्रद्धालुओं ने परिसर की ओर देखा, जहां तेंदुआ आराम से विचरण करता नजर आया। अचानक मंदिर परिसर में तेंदुए को देखकर सभी लोग सतर्क हो गए। इसी बीच श्रद्धालु प्रवेश ग्वाल ने अपने मोबाइल फोन से तेंदुए की तस्वीर भी खींच ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुए ने मंदिर परिसर में मौजूद एक स्वान का शिकार किया और इसके बाद परिसर के दूसरे हिस्से की ओर चला गया। श्रद्धालुओं ने बताया कि करीब डेढ़ से दो घंटे तक तेंदुए की आवाजाही मंदिर के आसपास बनी रही। उनका कहना है कि पिछले करीब एक माह से तेंदुआ लगातार मंदिर परिसर के आसपास दिखाई दे रहा है।
श्रद्धालुओं के अनुसार मंदिर परिसर में स्थित तालाब में अक्सर नीलगाय पानी पीने के लिए पहुंचती हैं। ऐसे में वन्यजीवों की आवाजाही के चलते तेंदुए का इस क्षेत्र में लगातार दिखाई देना चर्चा का विषय बना हुआ है। माना जा रहा है कि भोजन और पानी की उपलब्धता के कारण तेंदुआ इस क्षेत्र में विचरण कर रहा है।
श्रद्धालु प्रवेश ग्वाल एवं निर्मल इंदुरकर ने बताया कि तेंदुआ शारीरिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ और काफी बड़ा दिखाई दे रहा था। उसके आकार को देखकर अनुमान लगाया जा रहा था कि वह करीब चार से पांच वर्ष का नर तेंदुआ हो सकता है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में कुएं में गिरा तेंदुआ... रातभर पानी में फंसा रहा, 5 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू
मंदिर परिसर जैसे श्रद्धालुओं की नियमित आवाजाही वाले स्थान पर तेंदुए की लगातार मौजूदगी से लोगों में चिंता बनी हुई है। श्रद्धालुओं ने वन विभाग से क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा मंदिर आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।
यह भी पढ़ें- आलीराजपुर में आधी रात को अचानक सामने आ गया तेंदुआ, पुलिस जवानों के सामने करता रहा चहलकदमी