
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। घर में रोटी मांगने की बात पर हुए विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली। घर के भीतर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। पिता को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची मां भी बेटे के हमले से घायल हो गई। घटना गंधवानी थाना क्षेत्र के ग्राम बड़िया धावड़ियापुरा की है, जहां बुधवार शाम पारिवारिक विवाद में 45 वर्षीय गुलाब पिता पहाड़सिंह सोलंकी की हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, गुलाब ने अपने बेटे कालू से रोटी देने की बात कही थी। इसी बात को लेकर बेटे ने विवाद शुरू कर दिया। आए दिन रोटी को लेकर झगड़ा करने की बात कहते हुए वह गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते गुस्सा इस कदर बढ़ा कि कालू ने जान से खत्म करने की धमकी दी और हाथ में लिए लकड़ी के फाचरे से पिता के सिर और मुंह पर लगातार चार-पांच वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से गुलाब की मौत हो गई।
घर में पिता और बेटे के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने के लिए मां धनीबाई आगे आई। लेकिन पति को बचाने की कोशिश में वह भी बेटे के हमले का शिकार हो गई। आरोपी ने लकड़ी से उसके कमर पर वार कर चोट पहुंचाई। एक ओर पिता जिंदगी की जंग हार गया, वहीं मां अपने ही बेटे के हाथों घायल हो गई।
घटना के बाद आरोपी कालू फरार हो गया। धनीबाई की रिपोर्ट पर गंधवानी पुलिस ने 18 नवंबर की रात 10.27 बजे हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। विवेचना निरीक्षक प्रदीप खन्ना कर रहे हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- 'बेड से उतरो, यहां पुरुषों का आना मना है' कहना पड़ा महंगा, धार में महिला सफाईकर्मी का गला पकड़ा, जड़ा थप्पड़
घर की चौखट पर रोटी की बात से शुरू हुआ विवाद एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी बन गया, जिसकी भरपाई अब कभी नहीं हो सकेगी। जिस बेटे से बुढ़ापे में सहारे की उम्मीद थी, उसी के हाथों पिता की जिंदगी खत्म हो गई।
यह भी पढ़ें- पत्नी को बदनाम करने के लिए पति ने पार की हद, दो फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर भेजीं आपत्तिजनक तस्वीरें