
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार: ऐतिहासिक भोजशाला के उत्तर में अब ज्ञान, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति का नया केंद्र विकसित करने की तैयारी है। करीब 25 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित वाग्देवी सरस्वती लोक को धार्मिक गतिविधियों के साथ इतिहास, शोध, शिक्षा और पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में आकार दिया जाएगा। प्रारंभिक आकलन में इस परियोजना पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
संभागायुक्त भास्कर लक्षाकार के निर्देश पर मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने इसकी विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को निगम के अधिकारियों ने भोजशाला सहित मंडी, धारेश्वर और लक्कड़ पीठा आदि क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल का नक्शा खोलकर करीब 25 हेक्टेयर क्षेत्र की स्थिति और उपलब्ध स्थान का भी अवलोकन किया।
बता दें कि प्रस्तावित योजना के तहत सरस्वती लोक में धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और पर्यटक सुविधाओं का एकीकृत विकास किया जाएगा। परियोजना के स्वरूप के अनुसार यहां आध्यात्मिक गलियारा, ध्यान एवं मंत्रोच्चार के लिए सभागृह, राजा भोज संग्रहालय, पुस्तकालय और संसाधन केंद्र विकसित करने की परिकल्पना है। साथ ही सूचना केंद्र भी बनाया जाएगा, जहां पर्यटकों को भोजशाला के इतिहास, महत्व और सांस्कृतिक परंपराओं से संबंधित जानकारी मिल सकेगी।
डीपीआर में परिसर के समग्र वास्तुशिल्पीय स्वरूप से लेकर भवनों की डिजाइन और निर्माण संबंधी तकनीकी पहलुओं का विस्तृत खाका तैयार किया जाएगा। इसमें एलिवेशन, सेक्शन, वर्किंग ड्राइंग, संरचनात्मक डिजाइन, विद्युत व्यवस्था, सूचना प्रौद्योगिकी केबलिंग, अग्निशमन, आपातकालीन निकास, वातानुकूलन, जलप्रदाय और स्वच्छता व्यवस्था के साथ आंतरिक साज-सज्जा एवं फर्नीचर की योजना भी शामिल रहेगी। डिजाइन तैयार करते समय भोजशाला के ऐतिहासिक महत्व और परिसर की विशेषताओं के अनुरूप विकास पर ध्यान दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- इंदौर-मुंबई और दानापुर स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े, अब दिसंबर के अंत तक मिलेगी सुविधा
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए प्रवेश द्वार, पार्किंग, चारदीवारी, क्लाकरूम और शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। पूरे परिसर की डिजाइन तैयार करते समय भोजशाला के ऐतिहासिक महत्व और आसपास के परिवेश का ध्यान रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें- 200 रुपये की चोरी के शक में मां ने बेलन-चिमटे से पीटा, जलते चूल्हे पर रखा मासूम बेटी का पैर, केस दर्ज