
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। कान्हा और पेंच टाइगर रिजर्व के बीच वन्यजीव गलियारे से गुजरने वाली ट्रेनों की गति घटाने की तैयारी है। 27 दिनों में ट्रेन की चपेट में आने से बाघ शावक और मादा भालू की मौत के बाद वन विभाग ने नागपुर मंडल रेल प्रबंधक को प्रस्ताव दिया है।
इसके अनुसार, ट्रेनें दिन में 30 और रात में 20 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलेंगी। फिलहाल इनकी गति 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा है। बदलाव से बालाघाट-जबलपुर सफर में 15 से 20 मिनट अधिक लग सकते हैं।
वारासिवनी-कटंगी-तिरोड़ी-तुमसर मार्ग पर स्पीड अभी तय नहीं थी। बालाघाट का वन क्षेत्र उत्तर में कान्हा राष्ट्रीय उद्यान, पूर्व में छत्तीसगढ़, दक्षिण में नवेगांव नागझीरा अभयारण्य और पश्चिम में पेंच टाइगर रिजर्व तथा महाराष्ट्र की सीमा से जुड़ा है। तीनों टाइगर रिजर्व के बीच वन्यजीवों की आवाजाही अधिक है। बीते पांच से छह साल में इनकी संख्या बढ़ी है और सभी वन मंडलों में बाघों की संख्या सौ से अधिक होने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़े पर एमपी हाई कोर्ट सख्त, ट्रांसफर छात्रों से नहीं वसूली जाएगी फीस; रजिस्ट्रार तलब
रेल पटरी पर शिकार हो चुके कई वन्यजीव
अंडरपास न होने से वन्यजीव रेल पटरी पर पहुंचकर हादसों का शिकार होते हैं। तीन साल पहले मगरदर्रा के पास दो भालू ट्रेन की चपेट में आए थे। सांभर और चीतल की मौत के मामले भी सामने आए हैं। बालाघाट-जबलपुर रेल पटरी पर मगरदर्रा से पादरीगंज के बीच करीब 32 किलोमीटर घना जंगल है।
यह भी पढ़ें- सीजी में 1501 पदों पर निकली भर्तियां, तीन दिसंबर तक कर सकेंगे अप्लाई; आवेदन की बढ़ाई गई तारीख
यहां चार अंडरपास और ऊंची फेंसिंग है। वहीं, वारासिवनी-कटंगी-तिरोड़ी-तुमसर मार्ग पर अंडरपास नहीं है। इसके अलग-अलग हिस्सों में 10-12, पांच और 17 किलोमीटर तक रेलमार्ग जंगल से गुजरता है।
जंगल से होकर गुजरे रेलवे ट्रैक पर निर्धारित गति से ट्रेन चलाने के लिए संबंधित डीएफओ रेलवे विभाग को पत्र लिखेगा। ट्रेन की गति कम रहने से वन्यजीवों की मौत नहीं होगी। गौरव चौधरी, सीसीएफ, बालाघाट
यह भी पढ़ें- चंबल प्रोजेक्ट के तहत ग्वालियर में बिछी 26 किमी तक पाइपलाइन, बानमोर में भी शुरू हुआ काम