डिंडौरी में पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन, बिजली बिल बकाया होने पर पानी की सप्लाई बंद
जिले के जनपद बजाग अंतर्गत ग्राम पंचायत की सुनियामार के ग्रामीणों ने शनिवार की दोपहर पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 04:58:59 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 04:58:59 PM (IST)
जबलपुर अमरकंटक रोड पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, नईदुनियाHighLights
- बिजली बिल बकाया होने से पानी की सप्लाई बंद
- जबलपुर अमरकंटक रोड पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
- तीन घंटे तक किया गया प्रदर्शनस पानी की मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले के जनपद बजाग अंतर्गत ग्राम पंचायत की सुनियामार के ग्रामीणों ने शनिवार की दोपहर पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत का बिजली का बिल बकाया होने के चलते नलजल योजना का बिजली कनेक्शन काट दिया गया है।
ऐसी स्थिति में गांव में पिछले तीन दिन से पानी की सप्लाई बंद है। पीने का पानी नहीं मिल पाने से नाराज ग्रामीणों ने दोपहर लगभग 12 बजे जबलपुर-अमरकंटक हाईवे किनारे बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान आवागमन प्रभावित नहीं हुआ।
तीन घंटे तक किया गया प्रदर्शन
ग्रामीणों द्वारा प्रदर्शन किए जाने की खबर लगने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन खत्म किया। इस तरह दोपहर तीन बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ। ग्राम पंचायत सचिव के अनुसार नलजल योजना एक महीने पहले ही पंचायत को सौंपी गई है।
योजना के तहत बिजली का बिल लगभग छह लाख रुपए बाकी है। जिन ग्रामीणों के घर नल कनेक्शन है उनसे जल कर लेने के बाद बिजली का बिल जमा कराया जाएगा। पंचायत द्वारा दो लाख रुपए जमा कराए जा रहे हैं, जिससे पानी की सप्लाई प्रारंभ हो जाएगी।
योजना के रखरखाव की पंचायत की जिम्मेदारी
इस संबंध में पीएचई विभाग के प्रभारी एसडीओ अंशुल बिसेन का कहना है कि ग्राम पंचायत सुनियामार में एक करोड़ की लागत से नलजल योजना पिछले दो साल से संचालित हो रही है, जिससे लगभग ढाई सौ ग्रामीणों के घरों में पानी की सप्लाई की जाती है। तकनीकी कारणों से योजना एक महीने पहले ही ग्राम पंचायत के हैंडओवर की गई है। योजना के रखरखाव की जिम्मेदारी पंचायत की ही है।