_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के तहत ग्वालियर-चंबल संभाग में सार्वजनिक परिवहन सेवा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है।
इसके लिए गठित ग्वालियर-चंबल यात्री परिवहन सेवा लिमिटेड के संचालक मंडल की पहली बैठक में कंपनी के वित्तीय और प्रशासनिक ढांचे को अंतिम रूप देने की दिशा में कई निर्णय लिए गए।
बैठक में एक लाख इक्विटी शेयर जारी कर 10 लाख रुपये की अंशपूंजी जुटाने और नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी को कंपनी का कार्यकारी निदेशक नियुक्त करने की स्वीकृति दी गई।
शुक्रवार को मंत्रालय में परिवहन विभाग के सचिव व कंपनी अध्यक्ष मनीष सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान सहित संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
यह भी पढ़ें- सड़क निर्माण की फाइल घर रखने पर हाई कोर्ट सख्त, PWD के मुख्य इंजीनियर समेत दो को नोटिस
कार्यकारी निदेशक को अनुबंध, समझौते, बैंकिंग और प्रशासनिक कामकाज के लिए अधिकृत किया गया है। इससे कंपनी के संचालन से जुड़े निर्णय लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। कंपनी में ग्वालियर विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और भिंड, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर व अशोकनगर के प्रशासनिक अधिकारियों सहित नौ नामित निदेशकों की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई।
वहीं, भारतीय स्टेट बैंक में कंपनी का चालू खाता खोलने, शेयर हस्तांतरण और आवश्यक पंजीयन कराने का निर्णय हुआ। वित्तीय पारदर्शिता के लिए नियंत्रक व महालेखा परीक्षक के माध्यम से पहले लेखापरीक्षक की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
150 कर्मचारियों की क्षमता वाला मुख्यालय बनेगा
कंपनी के मुख्य कार्यालय और नियंत्रण केंद्र के लिए चार स्थानों पर विचार किया गया है। इनमें स्मार्ट सिटी कार्यालय का द्वितीय तल, जीडीए शताब्दीपुरम, जीडीए माधव प्लाजा और संभागायुक्त कार्यालय शामिल हैं। करीब 150 अधिकारियों-कर्मचारियों की क्षमता वाले कार्यालय के लिए इन विकल्पों में से उपयुक्त स्थान चुना जाएगा।
यह भी पढ़ें- Weather Update: ग्वालियर में 'अर्णब' का असर, अब तक 6.1 मिमी बारिश दर्ज; 7.8 डिग्री गिरा तापमान