_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। देश में आगामी जनगणना की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से जारी राजपत्र अधिसूचना के अनुसार जनगणना का मुख्य संचालन 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक किया जाएगा।
इसके पहले नागरिकों को 10 जनवरी से 24 जनवरी तक स्व-गणना यानी खुद अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने का विकल्प मिलेगा। इसके बाद एक से पांच मार्च तक पुनरीक्षण दौर चलेगा।
केंद्र सरकार ने जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा तीन के तहत प्राप्त शक्तियों का उपयोग करते हुए देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनगणना कराने की अधिसूचना जारी की है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य गणना अभियान के दौरान जनगणना कर्मी घर-घर जाकर परिवारों से संबंधित जानकारी जुटाएंगे।
15 दिन मिलेगा स्व-गणना का विकल्प
जनगणना की प्रक्रिया शुरू होने से पहले नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा दी जाएगी। इसके तहत 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक लोग स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से जनगणना का मुख्य अभियान शुरू होगा और 28 फरवरी तक चलेगा।
यह भी पढ़ें- शीतला माता मंदिर हादसे में DSP और CMO समेत डॉक्टरों के बयान दर्ज, अधिकारियों से पूछे अहम सवाल
मार्च के पहले सप्ताह में होगा पुनरीक्षण
मुख्य जनगणना अभियान पूरा होने के बाद एक मार्च से पांच मार्च 2027 तक पुनरीक्षण दौर संचालित किया जाएगा। अधिसूचना में जनगणना के लिए संदर्भ तारीख एक मार्च 2027 के पहले दिन यानी रात 12 बजे निर्धारित की गई है। इसी संदर्भ समय के आधार पर जनगणना से संबंधित आंकड़ों का निर्धारण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- अब रात में भी चमकेंगी ग्वालियर की सड़कें, 42 लाख की लागत से लगेंगे LED कर्ब स्टोन