
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: साइबर ठगों ने एक प्राइवेट स्कूल संचालक को APK लिंक के जाल में फंसाकर उसके बैंक खाते से दो लाख 43 हजार रुपये निकाल लिए। ठगी का यह मामला बिलौआ थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पीड़ित की शिकायत पर पहले साइबर सेल में प्रकरण दर्ज किया गया, जिसके बाद विधिवत जांच के लिए मामला बिलौआ थाने को सौंप दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई है।
जानकारी के अनुसार प्रेम शंकर चौरसिया पुत्र बैजनाथ चौरसिया, निवासी हनुमंतपुरा बिलौआ, एक हायर सेकंडरी स्कूल के संचालक हैं। वे प्राइवेट स्कूल संचालकों के एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़े हुए हैं। 25 दिसंबर को इस ग्रुप में अतुल सिंह जादौन नाम के व्यक्ति के मोबाइल नंबर से एक एपीके लिंक भेजी गई। शुरुआत में प्रेम शंकर ने लिंक पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन बाद में अनजाने में उन्होंने लिंक को खोल लिया और मोबाइल इस्तेमाल करते रहे।
लिंक ओपन होने के कुछ समय बाद ही उनके बैंक खाते से तीन बार में रकम निकल गई। पहली बार 49 हजार रुपये, दूसरी बार 93 हजार रुपये से अधिक और तीसरी बार एक लाख रुपये खाते से कट गए। जब मोबाइल पर बैंक से रकम कटने के मैसेज आए, तब प्रेम शंकर को ठगी का अहसास हुआ। मोबाइल चेक करने पर पता चला कि एपीके लिंक गलती से ओपन हो गई थी।
इसके बाद पीड़ित तत्काल साइबर सेल पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले पीड़ित का बैंक खाता होल्ड कराया, ताकि आगे और रकम न निकाली जा सके। चूंकि फरियादी बिलौआ क्षेत्र का निवासी है, इसलिए प्रकरण को आगे की कार्रवाई के लिए बिलौआ थाना स्थानांतरित कर दिया गया, जहां बीते रोज विधिवत एफआइआर दर्ज की गई।
बिलौआ थाना प्रभारी इला टंडन ने बताया कि एपीके लिंक के माध्यम से स्कूल संचालक के खाते से रुपये निकाले गए हैं। साइबर सेल से प्राप्त प्रकरण की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि ठगी की राशि किन-किन बैंक खातों में पहुंची है।
यह भी पढ़ें- काम का झांसा देकर ले गया, शराब पिलाई... MP में ढाबे में बंधक बनाकर आदिवासी महिला से सामूहिक दुष्कर्म