
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में नर व मादा हिमालयन भालू के बीच आपसी संघर्ष के चलते मादा भालू की मौत हो गई। इन दोनों भालू को एक ही बाड़े में रखा गया था। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात दोनों में मुठभेड़ हो गई और इस दौरान मादा भालू बुरी तरह से घायल हो गई।
रविवार की सुबह मादा भालू बाड़े में मृत पाई गई। चिड़ियाघर प्रबंधन ने भालू के शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार कराया। नगर निगम के उपायुक्त एवं गांधी प्राणी उद्यान प्रभारी डॉक्टर प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि नर व मादा हिमालयन भालू को वर्ष 2019 में त्रिपुरा स्थित सेपाहिजाला प्राणी उद्यान से ग्वालियर लाया गया था।
शरीर के हिस्सों में आईं चोटें
दोनों भालू एक ही एनक्लोजर में रखे गए थे। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात दोनों भालुओं के बीच आपसी संघर्ष हो गया, जिसमें नर भालू ने मादा भालू को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मादा भालू के जबड़े, पंजे, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आईं।
यह भी पढ़ें- एमपी में बिजली नेटवर्क सुधारने को मिले 1500 करोड़, पर खर्च हुए महज 96.85 करोड़, नए उपकेंद्रों का काम अटका
अत्यधिक चोट एवं खून बहने के कारण रविवार की सुबह मादा भालू एनक्लोजर में मृत पाई गई। घटना के बाद मृत मादा भालू का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम ग्वालियर पशु चिकित्सा सेवाओं के पशु चिकित्सक डॉक्टर संजय जाधव व डॉक्टर नीलम सुमन द्वारा किया गया।
इस दौरान वन विभाग से डीएफओ मुकेश पटेल, एसडीओ अनुराग तिवारी, चिड़ियाघर प्रभारी डॉक्टर उपेंद्र सिंह यादव, जू कीपर शिवकुमार पाल व एनिमल कीपर अरुण सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- एमपी से राजस्थान तक के स्टेशनों पर सीधी नजर, 70 से अधिक वीडियो सर्विलांस से जुड़े; 24 घंटे रहेगी निगरानी