
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: डबरा निवासी प्रकाश बघेल का 16 वर्षीय बेटा आनंद बघेल बुधवार सुबह दुकान पर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और पैर में काट लिया। कुत्ते के काटने से आनंद के पैर में गहरा घाव हो गया और पंजे का मांस तक निकल गया। घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए हजार बिस्तर अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने पर आनंद को पहले पीएसएम विभाग में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया। पैर में गहरा घाव होने के कारण प्राथमिक इलाज के बाद उसे सर्जरी विभाग रेफर किया गया। स्वजन के अनुसार कुत्ते के हमले में पैर के पंजे पर गंभीर चोट आई है।
यह भी पढ़ें- रेबीज के इलाज वाले अस्पताल में ही आवारा कुत्तों का डेरा, रातभर सो रहे मरीजों और बच्चों के बीच घूमता रहा झुंड
बुधवार को हजार बिस्तर अस्पताल के पीएसएम विभाग में कुत्ते के काटने के बाद 67 मरीज एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंचे। इनमें 23 मरीज नए थे, जबकि 44 मरीज पहले से उपचार ले रहे थे और अपनी निर्धारित अगली डोज लेने पहुंचे थे। अस्पताल में लगातार डॉग बाइट के मामले सामने आने से एंटी रेबीज टीकाकरण के लिए आने वाले मरीजों की संख्या बनी हुई है।