
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर से लेकर गांवों तक रविवार को झमाझम वर्षा हुई। पूरे प्रदेश में पूरे 24 घंटे में घाटीगांव में सबसे अधिक 81.4 मिमी वर्षा हुई। पिछले तीन दिन से हो रही वर्षा से जिले की नदियां तो लबालब हुई हैं, बांध भी भर गए हैं।
पहसारी व केकेटो डेम भी पूरी तरह से भर गए हैं। तिघरा बांध भी फुल हो चुका है। प्रशासन को नदियों के किनारे के गांवों में पानी छोड़े जाने की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, ग्वालियर चंबल के ऊपर बना निम्नदाब का क्षेत्र अब दक्षिण पश्चिमी उत्तरप्रदेश यानि आगरा के ऊपर पहुंच गया है। ऐसे में अंचल में भारी वर्षा नहीं होगी, बल्कि आगामी चार दिन तक हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, ग्वालियर चंबल क्षेत्र के ऊपर निम्न दवाब का क्षेत्र बना हुआ था। जिसकी वजह से ग्वालियर सहित जिले के सभी जिलों में मध्यम से भारी वर्षा हुई।
जिससे नदियों सहित बांध उफान पर आ गए। लेकिन अब निम्नदाब का क्षेत्र अंचल के ऊपर से खिसकर आगरा के ऊपर पहुंच गया है। ऐसे में अब अंचल में मानसून की सक्रियता धीरे धीरे कम होगी। आगामी चार दिन तक अंचल में कुछ जगहों पर मध्यम से तेज वर्षा हो सकती है।
आगामी चार दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
बेशक निम्नदाब का क्षेत्र अब अंचल के ऊपर नहीं है और उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ गया है, लेकिन मानसूनी ट्रफ लाइन अभी भी अंचल से गुजर रही है। इसके असर से अंचल में आगामी दिनों में मध्यम से तेज वर्षा कुछ-कुछ क्षेत्रों में होती रहेगी। यानि वर्षा का दौर धीमा हो सकता है लेकिन अभी चार दिन तक थमेगा नहीं।
तापमान सामान्य से पांच डिसे कम
तीन दिन से हो रही वर्षा से अंचल का दिन का तापमान भी सामान्य से पांच डिसे पर यानि 28.3 डिसे पर आ गया है। सामान्य तौर पर इन दिनों तापमान 33 डिसे पर रहता है। ऐसे में अंचल से उमस सहित गर्मी भी पूरी तरह से गायब हो गई है। मौसम भी सुहाना हो गया है।
तीन दिन से हो रही वर्षा का यह हुआ असर
जलभराव की स्थिति
शनिवार रात व रविवार को हुई वर्षा से शहर की तकरीबन सभी सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई। शहर की ही कई बस्तियों में पानी भरने से हालत अधिक खराब थीं।
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
तीन दिन से हो रही वर्षा से अंचल की पार्वती व महुअर नदी उफान पर हैं। ऐसे में पार्वती नदी पर बने ककेटा बांध व महुअर नदी पर बने पहसारी बांध पूरी तरह से भर गया। हालांकि, इनका पानी वेस्टवीयर से निकाला जा रहा है। बावजूद इसके प्रशासन ने इन बांधों के गेट खुलने की संभावना को देखते हुए दोनों ही नदियों के किनारे बसे गांवों को अलर्ट किया है।
शहर का जल संकट भी हल की ओर
पिछले तीन दिन से हो रही वर्षा से तिघरा डैम भी रविवार को फुल हो गया। ऐसे में शहर के ऊपर मंडरा रहा जलसंकट भी हल हो गया। क्योंकि पिछले दिनों वर्षा न होने से इसके खाली रहने से जल संकट का खतरा पैदा हो गया था।
यह भी पढ़ें- शिक्षकों के सामने नई तकनीकी आफत, ई-अटेंडेंस ऐप पर मांगी जा रही सख्त लीगल अंडरटेकिंग, कार्रवाई का डर
खरीफ से लेकर रबी की फसल को फायदा
इस वर्षा से अंचल की खरीफ यानि धान, बाजरा, ज्वार आदि फसलों को भी फायदा हुआ है। साथ ही अब इन फसलों को आगामी समय में अधिक पानी की जरूरत नहीं होगी। लेकिन इस वर्षा से आगामी रबी की फसल की बुवाई भी अच्छे से हो जाएगी। क्योंकि इस वर्षा की वजह से जमीन में नमी बनी रहेगी और अंचल का तापमान भी सामान्य ही रहेगा।
पूरे जिले की वर्षा सामान्य से अधिक
अभी तक जिले में 699.4 मिमी वर्षा हो चुकी है। जबकि इन्हीं दिनों तक समान्य वर्षा 625. 4 मिमी होती है। यानि 74 मिमी वर्षा अधिक हुई है। अभी तक 12 प्रतिशत वर्षा अधिक हो चुकी है।
ऐसे में आगामी दिनों में जिले का औसत 751.2 मिमी औसत का लक्ष्य पूरा हो जाएगा। हालांकि, शहर में अभी तक 632. 2 मिमी वर्षा हो चुकी है। हालांकि, सितंबर के कोटे से अभी यह 44 मिमी कम है।
यह रही पारे की चाल
अधिकतम तापमान-28.3 डिसे
न्यूनतम तापमान-25.0 डिसे
05:30-25.6 डिसे
08:30-25.2 डिसे
11:30-26.0 डिसे
14:30-26.8 डिसे
17:30-27.4 डिसे
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के लिए राहत वाली खबर: तिघरा बांध फुल टैंक लेवल की ओर, 24 घंटे में 4.80 फीट बढ़ा जलस्तर