
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के झांसी रोड स्थित पिपरौली गांव में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 35 वर्षीय युवक की कुल्हाड़ी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। सिर और चेहरे पर भी कुल्हाड़ी से वार किए गए हैं। उसकी लाश घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में पड़ी मिली है।
पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं, जिन पर टीम काम कर रही है। कुछ संदेहियों को भी हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है। पुलिस की एक टीम सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
पुरुषोत्तम के भाई जितेंद्र गुर्जर से पुलिस ने बात की। जितेंद्र ने बताया कि पुरुषोत्तम ब्याज पर पैसा उधार देता था। उसने गांव और पड़ोसी गांव के भी कुछ लोगों को पैसा उधार दे खा था। रात को किसी का फोन आया था। इसके बाद काफी बहस हुई थी। फोन पर पैसों को लेकर ही विवाद हुआ था। फिर वह खाना खाकर सो गया और उसकी हत्या कर दी गई। लाश खेत पर मिली। पुलिस काल रिकॉर्ड खंगाल रही है। कुछ नंबर चिन्हित किए हैं।
पुलिस को आशंका है कि पैसों के लेनदेन पर ही हत्या हुई है। रात को फोन पर बहस के बाद सुबह लाश मिली है। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया था।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में खाद्य विभाग की कार्रवाई, आनंद स्वीट्स और रामावतार डेयरी समेत पांच जगह से लिए सैंपल
झांसी रोड के पिपरौली गांव में किसान की हत्या हुई है। अभी अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। जल्द ही मामले का राजफाश कर आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। प्रथम दृष्टया मामला पैसों के लेनदेन से ही जुड़ा लग रहा है।
रवि भदौरिया, सीएसपी, यूनिवर्सिटी
यह भी पढ़ें- शादीशुदा महिला को आपत्तिजनक फोटो से कर रहा था ब्लैकमेल, तंग आकर महिला ने युवक पर किए चाकू से ताबड़तोड़ वार