ग्वालियर में बीमा कंपनी के कर्मचारी ने की आत्महत्या, ऑनलाइन गेमिंग में लाखों हारा, कर्जदारों के डर से लगा ली फांसी
ग्वालियर के सिटी सेंटर में 30 वर्षीय बीमाकर्मी ने ऑनलाइन गेमिंग में लाखों रुपये हारने और भारी कर्ज से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ज...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 16 Oct 2026 11:48:22 AM (IST)Updated Date: Fri, 16 Oct 2026 11:48:22 AM (IST)
ग्वालियर में बीमा कंपनी के कर्मचारी ने की आत्महत्या। (फाइल फोटो)HighLights
- ग्वालियर में बीमा कंपनी कर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की।
- ऑनलाइन गेमिंग में लाखों रुपये हारने के बाद लिया कर्ज।
- कर्ज वसूली के बढ़ते दबाव और तगादों से था परेशान।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: शहर के सिटी सेंटर इलाके में आनलाइन गेमिंग की लत का एक और खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक बीमा कंपनी में कार्यरत 30 वर्षीय युवक ने आनलाइन गेम में लगातार लाखों रुपये हारने और बढ़ते कर्ज से तंग आकर आत्महत्या कर ली।
मृतक ने पटेल नगर स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि आनलाइन जुए और गेमिंग का दलदल युवाओं को किस हद तक मानसिक तनाव और बर्बादी की ओर धकेल रहा है।
कर्ज और अकेलापन बना मौत की वजह
- पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक संतोष शर्मा (30 वर्ष) सिटी सेंटर के पटेल नगर स्थित वेंकटेश अपार्टमेंट में रहता था और एक बीमा कंपनी में नौकरी करता था। संतोष को आनलाइन गेम खेलने की बुरी लत लग चुकी थी, जिसमें वह धीरे-धीरे अपनी जमापूंजी हारता चला गया।
- हालत यह हो गई कि गेम में डूबे पैसों की भरपाई के चक्कर में उसने भारी-भरकम कर्ज ले लिया। कर्ज चुकाने का दबाव इतना बढ़ गया था कि आए दिन उधारी वसूलने वाले लोग उसके घर पहुंचने लगे थे। लगातार मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक तंगी से घिर चुके संतोष ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर-चंबल में अगले तीन दिन गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट, अचानक मौसम हुआ सर्द
लिव-इन पार्टनर ने भी बना ली थी दूरी
संतोष की निजी जिंदगी भी इस लत की वजह से बिखर चुकी थी। उसके साथ एक महिला मित्र लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी। संतोष की आनलाइन गेमिंग की लत और उससे हालातों से परेशान होकर उसकी पार्टनर भी कुछ समय पहले उससे दूरी बना चुकी थी और उसे छोड़कर चली गई थी। कर्जदारों का डर और अपनों के दूर हो जाने के अकेलेपन ने उसे अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया था।
ऐसे चला पता
- गुरुवार को जब लिव-इन पार्टनर ने संतोष को फोन किया और उसने फोन नहीं उठाया, तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। चिंतित होकर उसने तुरंत पड़ोसियों को फोन कर फ्लैट पर जाकर देखने की सूचना दी। पड़ोसी जब मौके पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया तो अंदर संतोष का शव फंदे पर लटका मिला।
- सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- दीपावली से पहले बिगड़ा रसोई का बजट, 65 रुपये किलो तक पहुंची चीनी; ब्रांडेड 120 के पार