जुड़वा बेटियों के जन्म की खबर सुन आपा खो बैठा पति, ग्वालियर KRH गायनिक वार्ड में पत्नी पर चाकू से किए कई वार
ग्वालियर के कमलाराजा अस्पताल में जुड़वा बेटियों को जन्म देने से नाराज पति ने पत्नी पर चाकू से हमला किया। महिला के चेहरे पर गहरे घाव हुए।
Publish Date: Thu, 17 Sep 2026 08:22:12 AM (IST)Updated Date: Thu, 17 Sep 2026 08:32:22 AM (IST)
जुड़वा बेटियों के जन्म की खबर सुन आपा खो बैठा पति। (नईदुनिया)HighLights
- पूजा ने कमलाराजा अस्पताल में जुड़वा बेटियों को जन्म दिया।
- पति उदयभान ने गायनिक वार्ड में चाकू से हमला किया।
- हमले में महिला के चेहरे पर कई गहरे घाव।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। कमलाराजा अस्पताल (केआरएच) के गायनिक वार्ड में बुधवार को जुड़वा बेटियों को जन्म देने से नाराज पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। पति ने पत्नी के चेहरे पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसके चेहरे पर गहरे घाव हो गए।
घटना के दौरान वार्ड में मौजूद अन्य प्रसूताओं और उनके स्वजन में दहशत फैल गई। अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने पति को काबू में किया। सूचना मिलने पर केआरएच के सहायक अधीक्षक डा. हितेंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे। अन्य महिला मरीजों के स्वजन से पति उदयभान को पकड़कर जमकर पीटा।
गायनिक वार्ड में शिफ्ट होते ही किया हमला
- हजीरा निवासी पूजा पत्नी उदयभान को प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार को कमलाराजा अस्पताल के गायनिक विभाग में भर्ती कराया गया था। बुधवार सुबह चिकित्सकों ने उसे आपरेशन के लिए आपरेशन थियेटर में भेजा। यहां पूजा ने जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया।
- आपरेशन के बाद उसे गायनिक वार्ड में शिफ्ट किया गया। पूजा के वार्ड में पहुंचने के कुछ समय बाद ही उसके उदभान ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया।
मासूम बच्ची को लेकर बचाने का प्रयास
- घटना के दौरान पूजा के पास उसकी मासूम बच्चियां थीं। जब उदयभान चाकू से हमला कर रहा था, तब बच्ची को बचाने के प्रयास में भी अफरा-तफरी मच गई।
- वार्ड में मौजूद स्टाफ और स्वजन ने किसी तरह पूजा को संभाला। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपी पति को काबू में किया। अस्पताल के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था को संभाला। पूजा के मायके पक्ष के लोग शिकायत लेकर कंपू थाने पहुंचे थे।