
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। रसोई का बजट संभालना पहले ही मुश्किल था, अब रसोई में गैस का इंतजाम करना भी चुनौती बनता जा रहा है। शहर में नए एलपीजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को करीब आठ माह से इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करने वालों की कतार लगातार बढ़ रही है।
स्थिति यह है कि ग्वालियर में करीब 2500 उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन के इंतजार में हैं। आवेदन करने के बाद भी तीन माह तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। ऐसे में जिन परिवारों के पास गैस का वैकल्पिक इंतजाम नहीं है, उनकी घरेलू व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
गैस कनेक्शन की इस प्रतीक्षा के पीछे दस्तावेजों की प्रक्रिया,पाइपलाइन उपलब्धता और कनेक्शन जारी करने में देरी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। जिन इलाकों में पीएनजी पाइपलाइन पहुंच चुकी है, वहां भी नए उपभोक्ताओं को तत्काल कनेक्शन नहीं मिल पा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में बदलेगी सफाई व्यवस्था, दिल्ली, नोएडा और मुंबई की चार एजेंसियां संभालेंगी जिम्मेदारी
दूसरी ओर एलपीजी का नया कनेक्शन लेने के इच्छुक परिवारों को भी राहत नहीं मिल रही है। इससे किराये के मकानों में रहने वाले परिवारों, नए घरों में शिफ्ट हुए लोगों और छोटे परिवारों की मुश्किल बढ़ गई है।
किसी के घर मेहमान आए तो बढ़ जाती है परेशानी
परिवार के लिए नया घर तैयार कराया है, लेकिन रसोई में गैस कनेक्शन नहीं होने से व्यवस्था अधूरी है। एलपीजी कनेक्शन के लिए प्रयास किया तो मना कर दिया। पीएनजी के लिए आवेदन किया है, लेकिन वहां भी तारीख नहीं मिल रही। फिलहाल परिचितों की मदद से सिलिंडर का इंतजाम करना पड़ रहा है। अरविंद सिंह, गोविंदपुरी
पीएनजी पाइपलाइन घर के थोड़ा दूरी से निकल रही है, लेकिन कनेक्शन के लिए आवेदन करने के बाद भी इंतजार करते काफी समय हो गया है। परेशानी अधिक है । रोजाना खाना बनाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। राममोहन बघेल सिंधिया नगर
परिवार में बुजुर्ग और बच्चे हैं। ऐसे में इधर उधर से सिलिंडर मांग कर काम चलाना या बाहर से खाना मंगाना स्थाई समाधान नहीं है। गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करने के बाद भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही कि कनेक्शन कब तक मिलेगा। उपभोक्ताओं को कम से कम प्रतीक्षा की निश्चित समय-सीमा तो बताई जानी चाहिए। गौरव घाड़गे , आमखो
ये हो सकते हैं वैकल्पिक इंतजाम
गैस कनेक्शन मिलने तक उपभोक्ता कुछ वैकल्पिक व्यवस्थाएं अपना सकते हैं। इंडक्शन चूल्हा तत्काल उपयोग के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके लिए घर में पर्याप्त विद्युत भार और सुरक्षित बिजली व्यवस्था जरूरी है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक राइस कुकर, इलेक्ट्रिक केतली और माइक्रोवेव का उपयोग भी खाना बनाने या गर्म करने के लिए किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- 'मैं डिब्बा मंत्री हूं, पर यह बुरी बीमारी है', यंग थिंकर्स कंफ्लुएंस में ऐसा क्यों बोले ज्योतिरादित्य सिंधिया?