
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय (जीआरएमसी) से जुड़े सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की एक महिला आउटसोर्स कर्मचारी ने डीन डॉक्टर आरकेएस धाकड़ सहित तीन लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कंपू थाने में शिकायत दी है।
महिला ने शिकायत में पद का दुरुपयोग कर प्रताड़ित करने, नौकरी से निकालने की धमकी देने, वेतन रोकने और कथित तौर पर यौन संबंधी मांगों के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। महिला ने मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, महिला नवंबर 2019 से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्यरत थी। उसने आरोप लगाया है कि अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर गिरिजा शंकर गुप्ता से डीन का विवाद चल रहा था। इसी दौरान डीन द्वारा उस पर अधीक्षक के खिलाफ झूठा प्रकरण दर्ज कराने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया गया है।
दूसरी जगह लगाई गई ड्यूटी
महिला ने शिकायत में बताया कि कथित निर्देशों का पालन करने से मना करने के बाद उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि डाटा एंट्री ऑपरेटर के मूल कार्य से हटाकर वार्ड में ड्यूटी लगा दी गई। महिला ने अपनी तीन माह की बच्ची को स्तनपान कराने के लिए अनुमति मांगे जाने का भी उल्लेख किया है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में लंपी वायरस से मचा हड़कंप, अब तक 34 गायों की हो गई है मौत
शिकायत में अप्रैल और मई 2026 का वेतन नहीं दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है। महिला का कहना है कि उपस्थिति रजिस्टर में उसके हस्ताक्षर के ऊपर कथित रूप से क्रॉस का निशान लगाया गया और आउटसोर्स एजेंसी को उपस्थिति नहीं भेजे जाने के कारण वेतन रोक दिया गया।
आपत्तिजनक टिप्पणियों का भी लगाया आरोप
शिकायत में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की प्रभारी अधीक्षक डॉक्टर नीलिमा टंडन और कमता प्रसाद मरैया पर भी महिला ने आपत्तिजनक एवं कथित टिप्पणियां करने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, अस्पताल के निरीक्षण के दौरान डीन के व्यवहार और कथित टिप्पणियों से वह असहज और मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस करती रही।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में परंपरा और संस्कार की मिसाल पेश, 41 साल से एक छत के नीचे धड़क रहा है जैन परिवार का दिल...एक छत और एक रसोई
महिला ने शिकायत में दावा किया है कि उसने इन घटनाओं के संबंध में अपने साथियों को जानकारी दी, जिन्होंने उसका समर्थन किया। इसके बाद उसने 15 सितंबर को कंपू थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में कमता प्रसाद से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल बंद था।
थाने से इस संबंध में कोई जानकारी आने दीजिए तब जवाब दे पाऊंगी। डॉक्टर नीलिमा टंडन, प्रभारी, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल
इस मामले में डीन डॉक्टर आरकेएस धाकड़ से उनका पक्ष जानने के लिए फोन लगाया लेकिन वह नहीं लगा। इसके बाद उनको वाटसएप मैसेज भेजा गया, लेकिन उसका भी कोई रिस्पांस नहीं मिला।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में जेएएच की ओपीडी में एक दिन में पहुंचे 3904 मरीज, मेडिसीन और न्यूरोलॉजी विभाग में सबसे ज्यादा भीड़