
नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। ग्वालियर में पहली बार आयोजित हुई वेस्ट जोन रीजनल ज्यूडिशियरी कांफ्रेंस में दो दिन न्यायिक शिक्षा पर मंथन पूरा हुआ। अलग-अलग राज्यों के हाई कोर्ट जस्टिस महत्वपूर्ण विषयों पर बोले और ज्ञानार्जन प्रदान किया।
न्यायिक शिक्षा के क्षितिज का विस्तार विषय पर ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में वेस्ट जोन रीजनल कान्फ्रेंस के दूसरे दिन रविवार को दो सत्रों का आयोजन किया गया। इन सत्रों में विषय विशेषज्ञों द्वारा कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
कान्फ्रेंस के दूसरे दिन 'न्यायिक शिक्षा का डिजिटल रूपांतरण
अवसर, चुनौतियां' और 'आगे का रास्ता' विषय पर कर्नाटक उच्च न्यायालय के जस्टिस सूरज गोविंद राज एवं मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के जस्टिस संजीव सुधाकर कालगांवकर तथा 'संवेदनशील और समावेशी न्याय के लिए न्यायिक सक्षमताओं का निर्माण' विषय पर गुजरात उच्च न्यायालय की पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सोनिया गोकानी एवं उड़ीसा उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सुभाशीष तालपत्रा ने विस्तार से जानकारी दी।
अंत में कॉन्फ्रेंस के समस्त विषयों पर संक्षिप्त विवरण एवं ज्ञानार्जन प्रदान करते हुए मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर के प्रशासनिक न्यायाधिपति जीएस अहलूवालिया द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस के समापन अवसर पर बीएसएफ टेकनपुर के राष्ट्रीय श्वान प्रशिक्षण केंद्र द्वारा डॉग शो का प्रदर्शन भी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। इससे पूर्व यह रीजनल कांफ्रेंस इंदौर में आयोजित की गई थी।
पहली बार ऐसा बड़ा आयोजन
वेस्ट जोन रीजनल ज्यूडिशियरी कांफ्रेंस का आयोजन पहली बार ग्वालियर में किया गया, यह इस तरह का पहला बड़ा आयोजन रहा जो जिसका आयोजन बेहतर ढंग से किया गया। हाई कोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया के निर्देशन में सभी व्यवस्थाएं की गईं।
देसी-विदेशी डॉग के हैरतअंगेज कारनामे
बीएसएफ के नेशनल सेंटर फॉर डॉग ट्रेनिंग की टीम खास डॉग्स को लेकर पहुंची। यहां देसी और विदेशी श्वानों ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज कारनामे दिखाए।
विस्फोटक पदार्थ की पहचान, 16 फीट की ऊंचाई से रिंग को लाना, रस्सी पर चलना, जंपिंग व कई एक्टिविटी गजब थीं और न्यायाधीशगणों ने तालियां भी बजाईं। बीएसएफ अकादमी के श्वानों की चुस्ती, सजगता और सक्रियता देखकर सभी तारीफ करते नहीं थक रहे थे।
यह भी पढ़ें- रीवा कलेक्टर जिस बस में बैठकर कार्यक्रम में पहुंचे, बिना फिटनेस, परमिट-बीमा के निकली; जांच के बाद सीज