'अधिकारियों को बचाने का प्रयास, 31 पत्रों पर नहीं हुई कार्रवाई'; एमपी हाई कोर्ट ने DGP की भूमिका पर उठाए सवाल
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 06:21:29 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 06:21:29 PM (IST)
कैदियों के 31 पत्रों पर नहीं हुई कार्रवाई,HighLights
- कैदियों के 31 पत्रों पर नहीं हुई कार्रवाई
- सीएम और मुख्य सचिव को भेजी प्रति
- समय पर पेश नहीं हुई अनुपालन रिपोर्ट
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। कैदियों की ओर से भेजे गए 34 पत्रों में से 31 पर कार्रवाई नहीं होने के मामले में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
कोर्ट ने टिप्पणी की कि सही तथ्यों की जानकारी होने के बावजूद डीजीपी ऐसे अधिकारियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता के अधिकार का सम्मान नहीं है। कोर्ट ने मामले में अपने आदेश की प्रति मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश दिए हैं।
न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने रामजीत उर्फ रामजीलाल एवं अन्य की आपराधिक अपील पर सुनवाई की। सुनवाई में सामने आया कि रिजर्व इंस्पेक्टर (आरआई) के रिकार्ड में कैदियों की ओर से भेजे गए सभी 34 रिक्विजिशन दर्ज थे, लेकिन इनमें से केवल तीन पर ही जवाब दिया गया।
इसके बावजूद डीजीपी की ओर से पेश टिप्पणियों में पुलिस विभाग की उदासीनता से इन्कार किया गया। इस पर कोर्ट ने कहा कि डीजीपी को सही तथ्यों की जानकारी थी, फिर भी वे संबंधित अधिकारियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
गड़बड़ी डीजीपी की जानकारी और मार्गदर्शन में होती दिखाई दे रही है। सुनवाई के दौरान एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कोर्ट को बताया कि आरआई रणजीत सिंह सिकरवार और एक आरक्षक को निलंबित किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभागीय जांच पूरी होने तक निलंबन आदेश वापस नहीं लिए जाएंगे। कोर्ट ने इस आश्वासन को रिकॉर्ड पर लिया।
अतिरिक्त महाधिवक्ता कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी
कोर्ट ने अतिरिक्त महाधिवक्ता कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। डीजीपी की टिप्पणियां 16 नवंबर को कोर्ट में दिखाई गई थीं और उसी दिन दाखिल करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इन्हें 23 नवंबर को दाखिल किया गया।
अनुपालन रिपोर्ट भी कोर्ट की अनुमति के बावजूद समय पर पेश नहीं की गई। अनुमति में बदलाव करने पर स्थानापन्न रीडर मोहम्मद साबिर को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है। मामले की अगली सुनवाई दो दिसंबर को होगी।