
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के व्यस्त सिटी सेंटर इलाके में सोमवार की रात एक चलती हुआ कार आग के गोले में तब्दील हो गई। कार के बोनट से आग की लपटें उठती देखकर चालक ने तत्काल वाहन रोका और बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।
कुछ ही देर में बोनट से तेज लपटें उठने लगीं और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। पास ही मौजूद एक मार्ट के कर्मचारी ने अग्निशमक यंत्र से आग पर काबू पाया। जानकारी के मुताबिक, सोमवार की रात कार क्रमांक एमपी 07 सीजी 6076 के बोनट में अचानक आग लग गई।
ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
आनंद मार्ट के बाहर सड़क पर चल रही कार से धुआं और लपटें उठती देख चालक ने तत्काल वाहन रोका और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में कार के बोनट से तेज लपटें उठने लगीं। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
कार में आग लगते ही आसपास मौजूद लोग और राहगीर दूर हट गए। इसी दौरान मार्ट के एक कर्मचारी ने साहस दिखाते हुए दुकान से अग्निशामक यंत्र निकाला और कार की ओर पहुंच गया। उसने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
कोई जनहानि नहीं हुई
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक तौर पर इंजन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।