ग्वालियर में आधी रात को बाइक सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, फैली दहशत
अचानक हुई अंधाधुंध गोलीबारी की आवाज़ से पूरा इलाका दहल उठा और रहवासियों में अफरा-तफरी मच गई।
Publish Date: Tue, 06 Oct 2026 08:10:23 AM (IST)Updated Date: Tue, 06 Oct 2026 08:25:19 AM (IST)
ग्वालियर में आधी रात बदमाशों ने की गोलीबारी, फोटो- एआई जनरेटेडHighLights
- ग्वालियर में आधी रात बदमाशों ने की गोलीबारी
- बाइक सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
- इलाके में फैली दहशत, जांच में जुटी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। माधौगंज थाना क्षेत्र के बालाजीपुरम में आधी रात बदमाशों ने गोलीबारी कर दहशत फैला दी। रंजिश के चलते तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए नकाबपोश बदमाशों ने यहां रहने वाले विवेक गुर्जर के घर के बाहर ताबड़तोड़ पांच राउंड फायरिंग कर दी।
अचानक हुई अंधाधुंध गोलीबारी की आवाज़ से पूरा इलाका दहल उठा और रहवासियों में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी दिव्या तिवारी ने बताया कि आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना की सूचना मिलते ही माधौगंज थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर तीन बाइकों पर आए अज्ञात बदमाश गोलियां चलाते स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस दुस्साहसिक हमले के पीछे पुरसानी गांव निवासी राजीव गुर्जर और उसके गुर्गों का हाथ है।
पहले भी हो चुका है खूनी संघर्ष
पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि राजीव गुर्जर और विवेक गुर्जर के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही है। इससे पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और देर रात तक आरोपितों की तलाश में दबिश देती रही। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का राजफाश किया जाएगा।