
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मानसून की विदाई हो चुकी है। हिंदू पंचांग का क्वार यानी अश्विन मास चल रहा है। ऐसा माना जाता है कि वर्षा के सीजन के बाद का मास होने के कारण क्वार में मौसम सुहावना रहता है, लेकिन साफ आसमान में तेज चमक रहे सूरज ने धरती पर तापमान बढ़ा दिया है।
शनिवार को ग्वालियर मध्य प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। इससे ऐसा लग रहा है मानो क्वार ने जेठ (जयेष्ठ) मास की राह पकड़ ली है। दिन में तपिश लोगों का कंठ सुखा रही है।
बीते दो साल की तुलना में ज्यादा रहा तापमान
शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है।
जबकि, पिछले साल तीन अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और वर्ष 2024 में 35.6 दर्ज किया गया था। शहर में सुबह 73 प्रतिशत और शाम को 48 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में वर्षा नहीं होने से दिनभर तेज धूप और उमस बनी रही।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर: पड़ाव थाने के सामने बेखौफ बदमाशों का दुस्साहस, नाश्ता सेंटर संचालक को दिनदहाड़े मारी गोली
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, जिससे दिन के तापमान में विशेष गिरावट की संभावना नहीं है। हालांकि, रात के तापमान में धीरे-धीरे कमी आने से अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान...
ग्वालियर 37.0
धार 36.4
राजगढ़ 36.4
गुना 36.2
उज्जैन 35.8
होशंगाबाद 35.6
इंदौर 35.2
भोपाल 33.5
जबलपुर 34.7
शिवपुरी 32.0
यह भी पढ़ें- भितरवार में छत्तीसगढ़ पुलिस की दबिश, साइबर ठगी के मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, कई राज्यों की पुलिस को थी तलाश