_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। चक्रवातीय तूफान अर्नब के असर से गुरुवार दोपहर बाद अंचल के आसमान पर काले-काले बादल छा गए और शाम चार बजे के बाद वर्षा शुरू हो गई। हालांकि वर्षा किसी क्षेत्र में तेज तो किसी क्षेत्र में हल्की हुई। साढ़े पांच बजे तक वर्षा 3.5 मिमी हो चुकी थी और इसके असर से दिन के तापमान में भी 7.2 डिसे की गिरावट दर्ज की गई।
दिन का अधिकतम तापमान 30.4 डिसे दर्ज किया गया था, लेकिन पानी बरसने से इसमें 7.2 डिसे की गिरावट आई और 23.2 डिसे पर आ गया। हालांकि, रात में भी बादल छाए रहे थे। इसलिए रात के तापमान में भी बुधवार की तुलना में 4.6 डिसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 20.7 डिसे पर पहुंच गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, तूफान अर्नब का असर शुक्रवार व शनिवार को भी रहेगा। इसके असर से अंचल में मध्यम से तेज वर्षा हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, चक्रवातीय तूफान कमजोर होकर अब डीप डिप्रेशन में बदल गया है।
लेकिन इसके असर से जिले में वर्षा हो रही है और तेज हवाएं भी चल रही हैं। इसके साथ ही जम्मू के पास पाकिस्तान क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और पंजाब के ऊपर दो चक्रवातीय प्रसार के क्षेत्र बने हुए हैं। इनका असर भी अंचल में आ रहा है।
इनके असर से हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी हो सकती है और अंचल में भी तापमान में गिरावट आएगी। जिससे मौसम ठंडा हो जाएगा। तूफान अर्नब बेशक कमजोर होकर अब आंध्रप्रदेश के ऊपर डीप डिप्रेशन में बदल गया है। लेकिन इसके असर से शुक्रवार व शनिवार को अंचल में वर्षा हो सकती है। हालांकि, असर खत्म होते ही अंचल का मौसम साफ हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- IND vs NZ 4th T20: 40 हजार दर्शकों के सामने कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला, यहां जान लीजिए सबकुछ
वर्षा से गिरा तापमान, लोगों को महसूस हुई ठंडक
वर्षा की वजह से दिन के तापमान में शाम को 7.2 डिसे की गिरावट हुई। यानि दिन का तापमान रात के तापमान के पास पहुंच गया और अंतर 2.5 डिसे का रह गया। ऐसे में मौसम में ठंडक आ गई। जिससे लोगों को ठंडक का एहसास होना शुरू हो गया।
साथ ही शाम को जब वर्षा से लोग भीग भी गए। ऐसे लोगों को अधिक ठंड का एहसास हुआ। बिन मौसम की वर्षा के फायदे व नुकसान- वर्तमान में अंचल में धान की फसल कट रही है। वर्षा व तेज हवा चलने से फसल को नुकसान पहुंच सकता है।
लेकिन रबी की फसल सरसों, चना सहित अन्य फसलों की बुवाई के लिए मौसम अनुकूल हो गया है। यदि मौसम साफ होने के बाद दिन के तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं होती है तो अंचल में मौसमी बीमारियों का प्रकोप भी कम हो जाएगा।
पारे की चाल
अधिकतम तापमान-30.4 डिसे
न्यूनतम तापमान-20.7 डिसे
05:30-21.4 डिसे
08:30-22.4 डिसे
11:30-28.0 डिसे
14:30-28.6 डिसे
17:30-23.2 डिसे
यह भी पढ़ें- डबरा में संदिग्ध खाद के गोदाम पर छापामारी, 32 टन उर्वरक और खाली बैग मिले, संचालक पर FIR