मानसून की रफ्तार हुई धीमी तो सूरज ने पकड़ी चाल, ग्वालियर में पारा 34 के पार, जानिए आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मंगलवार को अंचल का तापमान 34.2 डिसे पर पहुंच गया यानी खजुराहो के बाद ग्वालियर प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म शहर रहा।
Publish Date: Wed, 09 Sep 2026 09:45:07 AM (IST)Updated Date: Wed, 09 Sep 2026 09:58:58 AM (IST)
मानसून के बाद तापमान ने पकड़ी रफ्तार (नईदुनिया)HighLights
- ग्वालियर में धीमी हुई मानसून की रफ्तार
- शहर का तापमान हुआ 34 के पार
- आगामी दिनों में हल्की बारिश की संभावना
डिजिटल टीम, ग्वालियर। ग्वालियर अंचल में वर्षा करा रहा सिस्टम कमजोर हो गया है। इस कारण से मेघ विदा हो चुके हैं। सोमवार से आसमान साफ हो गया और सूरज ने मोर्चा संभाल लिया, तेज धूप निकली। इसका असर यह हुआ कि मंगलवार को अंचल का तापमान 34.2 डिसे पर पहुंच गया यानी खजुराहो के बाद ग्वालियर प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म शहर रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुमान के मुताबिक, देश में उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के बीच में सिस्टम सक्रिय है, लेकिन उसका असर अंचल में नहीं आ पा रहा है। ऐसे में आगामी चार दिन तक अंचल में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं या फिर हल्की वर्षा हो सकती है। ऐसे में अंचल में तापमान सामान्य से एक से दो डिसे अधिक रह सकता है और उमस भी रह सकती है।
आगामी दिनों में बूंदाबांदी की संभावना
यहां बता दें कि, पिछले रविवार तक अंचल में अच्छी खासी वर्षा हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत रहीं। लेकिन सिस्टम के कमजोर होने से पानी बरसना बंद हो गया। इससे अंचल का तापमान बढ़ गया। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अंचल में अब 12 सितंबर से एक बार फिर से सिस्टम सक्रिय हो सकता है और हल्की से मध्यम वर्षा का दौर आ सकता है, लेकिन तेज व भारी वर्षा की उम्मीद नहीं है।
अभी औसत से 39 मिमी वर्षा है कम
अंचल में सितंबर आखिर तक औसत वर्षा 752 मिमी होती है। अभी तक अंचल में 713. 2 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो औसत से 39 मिमी कम है। हालांकि वर्तमान स्थिति में अंचल में 13 प्रतिशत वर्षा अधिक हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आगामी दिनों में औसत वर्षा का कोटा पूरा हो जाएगा।