
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक मामले में पत्नी को राहत देते हुए इंदौर कुटुंब न्यायालय में चल रहे प्रकरण की सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि पत्नी को न केवल वर्चुअल माध्यम से पेश होने की अनुमति दी जाए, बल्कि वह वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए गवाही देने और गवाहों से प्रतिपरीक्षण करने की भी हकदार होगी।
एडवोकेट एमएस चौहान ने बताया कि याचिकाकर्ता पत्नी की ओर से इंदौर कुटुंब न्यायालय में चल रहे प्रकरण को ग्वालियर कुटुंब न्यायालय स्थानांतरित करने की मांग करते हुए याचिका प्रस्तुत की गई थी। याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट को बताया गया कि महिला वर्तमान में अपने परिवार के साथ ग्वालियर में रह रही है।
वह डायबिटीज और पैंक्रियाज संबंधी बीमारियों से पीड़ित है। उसे प्रतिदिन इंसुलिन का इंजेक्शन लेना पड़ता है और हर महीने अस्पताल में भर्ती भी होना पड़ता है। ऐसे में ग्वालियर से इंदौर की करीब 504 किमी की दूरी तय कर एक तरफ की नौ घंटे की यात्रा करना उसके लिए मुश्किल है।
इसके अलावा घरेलू हिंसा अधिनियम की धारा 12 और आइपीसी की धारा 498-ए के तहत अन्य मामले भी ग्वालियर कोर्ट में लंबित हैं। वहीं, पति की ओर से कहा गया कि यदि पत्नी को आने-जाने में परेशानी है तो वह वर्चुअल माध्यम से न्यायालय में उपस्थित हो सकती है।
दोनों पक्षों के तर्क सुनने के बाद हाई कोर्ट ने पत्नी की ओर से प्रस्तुत याचिका का निराकरण करते हुए इंदौर कुटुंब न्यायालय को निर्देश दिया कि पत्नी को मामले की सुनवाई में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित होने की अनुमति दी जाए।
यह भी पढ़ें- एमपी हाई कोर्ट का अहम फैसला... नाबालिग का हाथ पकड़ना भी यौन हमला, आरोपी की सजा बरकरार
कोर्ट ने यह निर्देश भी दिया कि पत्नी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अपना साक्ष्य प्रस्तुत कर सकेगी और गवाहों से प्रतिपरीक्षण भी कर सकेगी। हालांकि, हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विशेष तारीख पर पत्नी की व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य हो, तो ट्रायल कोर्ट इस संबंध में आदेश देने के लिए स्वतंत्र रहेगा। साथ ही इंदौर और ग्वालियर के दोनों कुटुंब न्यायालय आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित तारीखों पर पत्नी को वीडियो कांफ्रेंसिंग की सुविधा उपलब्ध कराएंगे।