
New Picnic spot in Gwalior: ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। मानसून के सीजन में शहर का हरा-भरा एक नया पिकनिक स्पाट विकसित होगा। जिला प्रशासन व अन्य विभागों के सहयोग से सिरोल पहाड़ी पर आठ हजार से अधिक पौधे रोपकर यहां कैफेटेरिया, पाथवे, वाकिंग ट्रैक सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। यहां बर्ड वाचिंग भी होगी, क्योंकि यहां खासी संख्या में अलग अलग किस्म के पक्षी आते हैं। चूंकि सिरोल क्षेत्र इस समय शहर का सबसे पाश इलाका बनता जा रहा है और शाम के समय अच्छी-खासी संख्या में युवा यहां घूमने के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में उनके लिए ये स्पाट काफी उपयोगी साबित होगा।
शाम के समय पहाड़ी पर हरियाली के बीच लोग अच्छा समय व्यतीत कर सकेंगे। यह सिटी फारेस्ट प्रोजेक्ट का एक हिस्सा है। पूर्व में भी सिरोल पहाड़ी पर पौधारोपण किया गया था। इसके चलते यहां हरियाली हो गई थी। अब दोबारा से यहां आठ हजार पौधे रोपने का टारगेट रखा गया है। इस पहाड़ी पर अमृत योजना के अंतर्गत पानी की टंकी भी तैयार की गई है। ऐसे में पौधों के जीवित रहने की संभावना बनी रहेगी। शाम के समय पहाड़ी के नीचे दुकानों पर युवाओं की अच्छी खासी भीड़ नजर आती है। इसके अलावा यहां एक दर्जन से अधिक टाउनशिप मौजूद हैं। उनके निवासियों के लिए भी यह पिकनिक स्पाट बहुत उपयोगी होगा। मानसून में होगा पौधरोपण वर्षा के सीजन को पौधरोपण के लिए उपयुक्त माना जाता है। इस दौरान धूप ज्यादा तेज नहीं होती है, इस कारण पौधों को सर्वाइव होने में समस्या नहीं आती है।
इसके अलावा बरसात के चलते पौधों को पानी भी मिलता रहता है। पौधे तेजी से विकसित होते हैं, हरियाली ज्यादा होने लगती है। यही कारण है कि मानसून का सीजन शुरू होने के साथ ही पहाड़ी पर पौधारोपण की शुरूआत कराई जाएगी। अधिकारियों ने किया था कार्यक्रम: परियोजना को शुरू करने से पहले हरियाली की संभावनाएं देखने के लिए पिछले दिनों संभागीय आयुक्त दीपक सिंह, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह सहित नगर निगम, वन विभाग, स्मार्ट सिटी कारपाेरेशन के अधिकारियों ने यहां कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम के बाद ही यहां पौधारोपण की रूपरेखा तैयार की गई है।