
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित श्रीराम ट्रेडिंग कंपनी पर करीब दो घंटे तक बाहर खड़े रहना पड़ा। गोदाम के बाहर ताला लगा हुआ था, जबकि अंदर काम चल रहा था। शिकायत मिलने पर निरीक्षण करने पहुंची टीम ने जब गोदाम खुलवाने का प्रयास किया तो काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
बाहर से ताला बंद कर अंदर काम किए जाने की स्थिति ने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। बाद में कार्रवाई करते हुए टीम ने किशमिश और उसे साफ करने में इस्तेमाल होने वाले सल्फर के नमूने लिए। साथ ही 360 किलो किशमिश, जिसकी कीमत 1.26 लाख रुपये है, जब्त कर ली।
दीपावली के त्योहार को देखते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मिलावट और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए अभियान चला रही है। इसी के तहत ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मां राजेश्वरी ट्रेडर्स और श्रीराम ट्रेडिंग कंपनी के किशमिश गोदामों का निरीक्षण किया गया।
दोनों फर्मों में किशमिश की सफाई के लिए सल्फर रखा मिला। अधिकारियों ने किशमिश और सल्फर के नमूने लिए, ताकि जांच में पता चल सके कि सफाई की प्रक्रिया में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी लोकेन्द्र सिंह ने मां राजेश्वरी ट्रेडर्स के संचालक राजेंद्र कुमार गोयल से किशमिश और सल्फर के नमूने लिए। वहीं श्रीराम ट्रेडिंग कंपनी के संचालक रवि बंसल से खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद प्रकाश शर्मा ने नमूने लिए। श्रीराम ट्रेडिंग कंपनी में 360 किलो किशमिश जब्त की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने तहसीलदार सुरेश यादव के नेतृत्व में मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसमें जोधपुर मिष्ठान भंडार, यूनिवर्सिटी तिराहा से केसर कतली और बेसन लड्डू तथा जैन मावा भंडार, चिक संतर, मुरार से मावा के नमूने लिए गए। वहीं बंगाली स्वीट्स, थाटीपुर से मलाई बर्फी, मिल्क केक और बेसन लड्डू के नमूने लिए गए।
यह भी पढ़ें- बाहर खाने के शौकीनों सावधान : जबलपुर में सिद्धी विनायक रेस्टोरेंट में टाॅयलेट के पानी से बन रहा था खाना
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में दीवाली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 11 प्रतिष्ठानों से लिए 26 नमूने