
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के शीतला माता मंदिर पर ट्रक से हुए हादसे में मजिस्ट्रियल जांच एक सप्ताह में पूरी हो जाएगी। इस मामले में 40 से ज्यादा अधिकारियों के बयान दर्ज हो चुके हैं, सीसीटीवी सहित विभिन्न तकनीकी रिपोर्ट भी शामिल कर ली गई हैं।
जांच अधिकारी एडीएम सीबी प्रसाद की विवेचना लगभग पूरी होने को है और निष्कर्ष के साथ रिपोर्ट सप्ताह भर में कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत कर दी जाएगी। वहीं इस हादसे में जो गंभीर तीन घायल थे उन्हें एयरलिफ्ट कर भोपाल भेजा गया था, जहां से वे डिस्चार्ज हो गए।
यह भी पढ़ें- महादेव सट्टा एप: सौरभ चंद्राकर ने 'वकीलों से मुलाकात' समेत कोर्ट में लगाए तीन आवेदन, 27 नवंबर को सुनवाई
17 अक्टूबर की रात हुआ था हादसा
इस मामले में जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों पर कार्रवाई संभावित है। 17 अक्टूबर की रात शीतला माता मंदिर के गेट पर एक बेकाबू ट्रक ने श्रद्वालुओं को भेड़ बकरियों की तरह रौंद दिया था जिसमें 16 की मौत हो गई थी और 42 लोग घायल हो गए थे।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में सरकारी अधिकारी-कर्मचारी की छुट्टी पर रोक, बिना अनुमति मुख्यालय भी नहीं छोड़ सकेंगे
हादसे के बाद इस मामले में आठ पुलिस अधिकारियों पर निलंबन व अटैच करने की कार्रवाई की गई थी। हादसे की वजह क्या थी और प्रशासन या पुलिस के कौन कौन अधिकारी कर्मचारी सीधे तौर पर दोषी हैं यह सामने आना बाकी है।
सीएम मोहन यादव ने दिए थे जांच के आदेश
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस मामले में जांच के आदेश दिए थे जिसके बाद कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेश पर मजिस्ट्रियल जांच शुरू की गई। इस हादसे ने प्रदेशभर में हड़कंप मचा दिया था, जिसके बाद वाहनों की फिटनेस जांच के आदेश भी आरटीओ स्तर के अधिकारियों को दिए गए।
यह भी पढ़ें- आयकर विभाग ने खंगाले डिजिटल रिकॉर्ड, 120 अधिकारियों ने खुलवाए 25 लॉकर; 225 करोड़ की गड़बड़ी के संकेत