
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। महाराज बाड़े पर खरीदारी करने आई 40 वर्षीय महिला को दो युवकों ने रुपये देने का झांसा देकर ठगी का शिकार बना लिया। युवकों ने पहले झांसी जाने का रास्ता पूछा और फिर पोटली में बंधे रुपये आधे देने का लालच दिया।
उनकी बातों में आकर महिला ने सोने की झूमकी और अंगूठी उतारकर दे दी। बदले में युवकों ने उसे एक पोटली थमा दी, जिसमें महज 500 रुपये का नोट और कागज-पत्थर निकले। महिला की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बरई-पनिहरा निवासी रेखा राठौर सोमवार को अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ महाराज बाड़े पर खरीदारी करने आई थीं। इसी दौरान स्टेट बैंक के पास एक युवक ने उनसे झांसी जाने का रास्ता पूछा। महिला ने अनभिज्ञता जताई, तभी युवक का एक साथी वहां पहुंच गया। उसने महिला को बताया कि वे रुपये लेकर भागे हैं और झांसी जाना चाहते हैं, लेकिन रास्ते की जानकारी नहीं है। यदि वह उन्हें रास्ता बता देगी तो पोटली में रखे रुपयों में से आधे उसे दे देंगे।
युवकों के लालच में आकर महिला उनके साथ सराफा बाजार तक पहुंच गई। इसके बाद तीनों ई-रिक्शा में बैठकर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुए। स्टेशन पुल से पहले दोनों युवकों ने रुपये देने के बहाने महिला से सोने की झूमकी और अंगूठी उतरवा ली। इसके बदले उसे पोटली थमा दी और पुल से पहले ही उतरकर चले गए।
यह भी पढ़ें- भिंड में बेटे की मौत का डर दिखाकर महिला से ठगे सोने के जेवर, बाइक सवार दो ठगों ने की बड़ी वारदात
कुछ देर बाद महिला ने पोटली खोलकर देखी तो उसमें ऊपर 500 रुपये का एक नोट और नीचे कागज व कंकड़-पत्थर रखे मिले। ठगी का अहसास होने पर महिला ने स्वजन को जानकारी दी और रात में कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर दोनों युवकों की पहचान करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- ऑनलाइन शॉपिंग से लिए कपड़े, साइज सही नहीं होने पर लौटाने के दौरान 98 हजार की ठगी